जयपुर

Heatwave in Rajasthan : क्या दिन क्या रात, आग में तप रहा राजस्थान, पारा पहुंचा 47.2 डिग्री पार

Heatwave in Rajasthan : राजस्थान में गर्मी का सितम जारी है। दिन और रात के दौरान एक जैसा मौसम है, जिससे लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के पिलानी में सर्वाधिक तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

Image

राजस्थान का तापमान

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Heatwave in Rajasthan : राजस्थान में गर्मी अब दिन के साथ-साथ रात में भी सितम बरसा रही है जहां राजधानी जयपुर में बीती मंगलवार रात पारा 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीमावर्ती जैसलमेर में यह 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र जयपुर ने आगामी दो-तीन दिन में तापमान और बढ़ने की संभावना के साथ-साथ राज्य के अधिकांश स्थानों पर तेज गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। भीषण गर्मी के बीच राज्य में चिकित्सा व पेयजल विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और उन्हें मुख्यालय पर ही रहने को कहा गया है।

कुछ ऐसा है तापमान

मौसम केंद्र के अनुसार बीते चौबीस घंटे में राजधानी जयपुर में अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 44.9 डिग्री व 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में पड़ रही गर्मी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीती रात जैसलमेर में तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस, फलौदी में 33.8 डिग्री सेल्सियस, बाड़मेर व फतेहपुर में 32.6 डिग्री सेल्सियस और कोटा में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान सर्वाधिक तापमान पिलानी में 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

तीव्र हीटवेव का अलर्ट

सामान्य तौर पर राजस्थान के कुछ हिस्सों में दिन में गर्मी के बाद रात में तापमान कम रहता है। मौसम केंद्र के अनुसार आगामी कुछ दिन में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस और बढ़ोतरी होने की संभावना है। अधिकारियों के अनुसार आगामी दो दिन राज्य के अधिकांश स्थानों पर ‘हीटवेव’ व कहीं-कहीं तीव्र हीटवेव चलने की संभावना है। वहीं 23-24 मई के दौरान जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, कोटा व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में अधिकतम तापमान 45-48 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने व तेज लू चलने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार इसी तरह रात का तापमान भी बढ़ेगा और आगामी 4-5 दिन राज्य के कुछ भागों में न्यूनतम तापमान भी औसत से 2-5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज होने व कहीं-कहीं उष्ण रात्रि दर्ज होने की संभावना है।

डॉक्टरों ने चेताया

बढ़ती गर्मी के बीच सभी चिकित्सा कर्मियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं और उन्हें मुख्यालय पर ही रहने को आदेशित किया गया है। विभाग ने राज्य में तेज लू चलने से लू—तापघात की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया है। वहीं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने भी पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं पेयजल के प्रभावी प्रबन्धन हेतु सभी फील्ड अधिकारी एवं कर्मचारियों को मुख्यालय पर ही उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। आधिकारिक बयान के अनुसार सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं।

(इनपुट -भाषा)

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article