Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के दुर्गापुरा इलाके की लाल बहादुर नगर कॉलोनी में शुक्रवार रात को एक तेंदुआ घूमता हुआ दिखाई दिया, तेंदुए के दिखने के बाद से स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है। तुरंत इसकी जानकारी वन विभाग को दी गई। कॉलोनी में कई घरों के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई फुटेज में तेंदुआ स्पष्ट रूप से नजर आया।
बता दें कि इस कॉलोनी में लाल बहादुर नगर के पूर्व सांसद रामचरण बोहरा भी रहते हैं, जिससे सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं। क्षेत्रीय वन अधिकारी (RFO) जितेंद्र सिंह शेखावत ने इस बात की पुष्टि की कि उन्हें तेंदुआ दिखने की सूचना मिली थी और निवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की गई।
वन विभाग ने शुरू किया तलाशी अभियान
क्षेत्रीय वन अधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार, वन विभाग के अधिकारियों की टीमों ने तत्काल एक तलाशी अभियान शुरू किया। लेकिन तलाशी अभियान में तेंदुए का अभी तक कुछ पता नहीं लग पाया है। शनिवार तक तेंदुए का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का मानना है कि तेंदुआ पास के झालाना वन क्षेत्र में वापस चला गया होगा।
बता दें कि इस वन क्षेत्र में 40 से अधिक तेंदुओं हैं और अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस कॉलोनी की जंगल से निकटता के कारण तेंदुए का कभी-कभार आवासीय इलाकों में दिख जाना कोई बड़ी बात नहीं है। हालांकि लोगों के लिए यह सुरक्षित भी नहीं है। इस बीच शेखावत ने राहत भरी खबर देते हुए कहा कि तेंदुए द्वारा किसी पर हमला किए जाने की कोई सूचना नहीं है।
निवासियों से सावधानी बरतने की अपील
वन विभाग की टीम लगातार इलाके में गश्त कर रही है। यहां रहने वाले निवासियों को सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। वन अधिकारियों ने निवासियों से अपील की है कि वे रात के समय घर के अंदर ही रहें। यदि उन्हें तेंदुआ फिर से दिखाई देता है तो तुरंत इसकी सूचना अधिकारियों को दी जाए। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं और जब तक तेंदुआ पूरी तरह से जंगल में वापस नहीं चला जाता, तब तक टीम द्वारा कॉलोनी और आसपास के एरिया में गश्त की जाती रहेगी।
