जयपुर

70 साल के लिव-इन के बाद घोड़ी चढ़ा 95 साल का दूल्हा, बेटे-पोते ने धूमधाम से कराया ब्याह

राजस्थान के डूंगरपुर में अनोखी शादी देखने को मिली। जहां 95 साल के दूल्हे ने 90 साल की दुल्हन से शादी रचाई। दोनों 70 सालों से एक साथ रह रहे थे। इस दौरान चार बेटे और चार बेटियां हुईं। अब उनके नाती-पोते भी बढ़े हो गए हैं। जिसके बाद बुजुर्ग कपल ने शादी की इच्छा जताई। पूरे धूमधाम और रीति-रिवाजों के साथ उनकी शादी कराई गई।

Dungerpur wedding

डूंगरपुर में अनोखी शादी

डूंगरपुर जिले के गलंदर गांव में एक अनोखी और भावुक कर देने वाली शादी देखने को मिली। 70 साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद 95 वर्षीय रामा भाई अंगारी और 90 वर्षीय जीवली देवी ने बुधवार को पारंपरिक रीति-रिवाज से विवाह किया। इस शादी को लेकर न सिर्फ परिवार में बल्कि पूरे गांव में खुशी और उत्साह का माहौल रहा।

शादी में बेटे-पोते ने जमकर किया डांस

शादी समारोह किसी युवाओं की शादी से कम नहीं था। गांव में बिंदोरी निकाली गई, डीजे बजा और रामा भाई के बेटे, पोते और गांव वाले जमकर नाचे। रामा भाई और जीवली देवी ने एक-दूसरे का हाथ थामकर सात फेरे लिए। विवाह के बाद गांव वालों को भोज भी कराया गया। रामा भाई और जीवली देवी पिछले 70 सालों से साथ रह रहे थे। इस दौरान उनके आठ बच्चे चार बेटे और चार बेटियां हुए। इनमें से चार बच्चे सरकारी नौकरी में हैं और दो बहुएं भी सरकारी सेवा में कार्यरत हैं। पोते-पोतियों और नातियों की पूरी पीढ़ी अब जवान हो चुकी है।

पूरे रीति-रिवाज से हुई शादी

हाल ही में बुजुर्ग दंपति ने परिवार के सामने शादी करने की इच्छा जताई, जिसे बच्चों ने सिर आंखों पर लिया और पूरी धूमधाम से विवाह की तैयारी की। एक जून को लग्न और हल्दी की रस्में हुईं और 5 जून को शादी सम्पन्न हुई। रामा भाई पहले गुजरात में कुएं खोदने का काम करते थे और बाद में खेती-बाड़ी संभाली। जीवली देवी ने ‘माडा’ संस्था में करीब 12 साल हैंडलूम पर काम किया और दरियां बुनीं। बाद में आंखों की रोशनी कमजोर होने पर उन्होंने भी खेती-बाड़ी की जिम्मेदारी ली।

समाज के लिए प्रेरणा बनी शादी

बुजुर्ग जोड़े का सबसे बड़ा बेटा बखू खराड़ी (60) किसान है, शिवराम (57) और कांतिलाल (48) शिक्षक हैं, सुनीता (53) शिक्षिका हैं, अनिता (50) नर्स हैं और लक्ष्मण लाल (44) खेती-बाड़ी करते हैं। एक बेटी जंतु की मृत्यु हो चुकी है, जबकि सबसे छोटी बेटी सीता खराड़ी (41) शादी के बाद से लापता है। यह शादी न केवल भावनात्मक रूप से खास रही, बल्कि समाज के लिए भी एक प्रेरणा बन गई कि रिश्तों में इज्जत और स्वीकार्यता की कोई उम्र नहीं होती। गांव वाले इस शादी को आज भी याद कर मुस्कुरा रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। जयपुर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

लेटेस्ट न्यूज

लखवीर सिंह शेखावत
लखवीर सिंह शेखावत Author

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में टाइम्स नाउ में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान ... और देखें

End of Article