Commercial LPG Cylinder Price: राजस्थान में तेल और गैस कंपनियों ने एक बार फिर उपभोक्ताओं को राहत दी है। तेल-गैस कंपनियों ने एलपीजी की कीमतों की समीक्षा के बाद कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर 58 रुपये की कटौती की है। इस साल में यह पांचवां ऐसा मौका है जब कॉमर्शियल उपयोग के एलपीजी सिलेंडर के रेट कम हुए हैं। हालांकि घरेलू उपयोग के सिलेंडरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
इस साल कमर्शियस सिलेंडर का रेट
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत ने बताया कि कंपनियों की ओर से जारी नई रेट लिस्ट के अनुसार, अब 19 किलोग्राम वाला कॉमर्शियल सिलेंडर 1693.50 रुपये में मिलेगा। इस सिलेंडर की कीमत पहले 1751.50 रुपये थी। जिसमें 58 रुपये की कमी आई है। कमर्शियल सिलेंडर का रेट इससे पहले मई में 24.50 रुपये, अप्रैल में 40.50 रुपये, जनवरी में 14.50 रुपये और फरवरी में 6 रुपये कम हो चुका है।
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत
वहीं दूसरी ओर घरेलू गैस सिलेंडरों के रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है। फिलहाल बाजार में घरेलू उपयोग के सिलेंडर का रेट 856.50 रुपये ही रहेगा। हालांकि प्रदेश सरकार की ओर से बीपीएल और उज्ज्वला योजना से जुड़े लाभार्थियों को रियायती दर पर सिलेंडर दिए जा रहे हैं, जिससे जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल रही है। कमर्शियल सिलेंडर की कीमत कम होना होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायों के लिए राहत भरी खबर है।
