जयपुर

रूस में लापता भारतीय छात्र अजीत सिंह चौधरी का मिला शव, परिवारवालों की मांग- भारत लाया जाए पार्थिव शरीर

रूस के उफा शहर में लापता भारतीय एमबीबीएस छात्र अजीत सिंह चौधरी का शव व्हाइट नदी के पास एक बांध में मिला। अजीत 19 अक्टूबर से लापता था और वह राजस्थान के अलवर जिले के कफनवाड़ा गांव का निवासी था। उसने 2023 में बश्किर स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू की थी।

Image

रूस में लापता भारतीय छात्र अजीत सिंह चौधरी का मिला शव।(फोटो सोर्स: टाइम्स नाउ डिजिटल)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

रूस के उफा शहर में भारतीय छात्र अजीत सिंह चौधरी का शव गुरुवार को व्हाइट नदी के पास एक बांध में मिला। अजीत 19 अक्टूबर से लापता था। वह उस दिन हॉस्टल से यह कहकर निकला था कि वह दूध लेने जा रहा है, लेकिन वापस नहीं लौटा।

राजस्थान के अलवर जिले के कफनवाड़ा गांव के रहने वाले अजीत ने 2023 में बश्किर स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस कोर्स के लिए दाखिला लिया था। उनकी उम्र मात्र 22 वर्ष थी। रूस स्थित भारतीय दूतावास ने इस मामले पर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, हालांकि अजीत के परिवार को उनकी मौत की सूचना दे दी गई है।

शव को भारत लाने की व्यवस्था करे सरकार: मृतक का परिवार

राजस्थान कांग्रेस नेता जितेंद्र सिंह अलवर ने सोशल मीडिया पर दुख जताते हुए लिखा कि अजीत के कपड़े, फोन और जूते करीब 19 दिन पहले नदी के किनारे मिले थे। उन्होंने कहा, “कफनवाड़ा गांव के अजीत को उसके परिवार ने बड़ी उम्मीदों और मेहनत की कमाई से रूस भेजा था। आज उसका शव मिलने की खबर बेहद दुखद है। संदिग्ध परिस्थितियों में हमने एक होनहार युवक को खो दिया है।”

जितेंद्र सिंह ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से अपील की है कि सरकार अजीत का शव भारत लाने की पूरी व्यवस्था करे और इस मामले की गंभीर जांच कराए। उन्होंने कहा कि परिवार को अब दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने चाहिए, बल्कि सरकार को तुरंत मदद करनी चाहिए।

शोक में डूबा परिवार

अजीत की मौत ने न केवल उसके परिवार, बल्कि पूरे अलवर जिले को शोक में डाल दिया है। परिवार अब सरकार से अपने बेटे के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की मांग कर रहा है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article