Rajasthan Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: राजस्थान में मौसम लगातार करवट ले रहा है। कभी तेज धूप निकल रही है, तो कभी आसमान में बादलों ने डेरा डाला हुआ है। प्रदेश में सर्दी की विदाई लगभग हो चुकी है। कई जिलों का तापमान 30 डिग्री के ऊपर भी दर्ज किया जा रहा है। इस बीच बारिश का मौसम भी देखने को मिल रहा है। रविवार को प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश दर्ज की गई। आज भी कहीं-कहीं पर बारिश की संभावना जताई जा रही है। इस सप्ताह तापमान में गिरावट भी देखने को मिल सकती है।
इन जगहों पर बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है। इस दौरान गंगानगर, हनुमानगढ़ और आसपास के इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। बाकी के हिस्सों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। आने वाले 48 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव आने के आसार नहीं है। हालांकि 4 मार्च से उत्तरी हवाओं का असर देखने को मिलेगा। जिसके प्रभाव से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
आने वाले सप्ताह में मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह में राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने के आसार हैं। प्रदेश में 4 और 5 मार्च को बीकानेर संभाग और शेखावटी क्षेत्र में कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं अधिकतम तापमान 22-24 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। 7 मार्च से आगामी स्पताह अधिकतम और न्यूनतम तापमान में फिर से बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी। इस दौरान तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री ऊपर दर्ज किया जा सकता है।
10 जिलों का तापमान रहा 30 डिग्री के पार
राजस्थान में रविवार को जयपुर और भरतपुर संभागों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। शेष जगहों पर मौसम शुष्क दर्ज किया गया। शनिवार की तुलना में रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी देखने को मिली है। शनिवार को राज्य के 16 जिलों का तापमान 30 डिग्री के ऊपर दर्ज हुआ था। वहीं रविवार को सिर्फ 10 जिलों का तापमान 30 डिग्री से ऊपर रहा। शनिवार को प्रदेश में सबसे गर्म जगह चित्तौड़गढ़ रहा, जहां का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान लूणकरणसर में 11 डिग्री सेल्सियस रहा।
