Jodhpur News: राजस्थान के जोधपुर शहर में रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। शहर के व्यस्त पांचवीं रोड इलाके में गुरुवार देर रात करीब 10 बजे एक हिट एंड रन की सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां बीकानेर नंबर की एक काले रंग की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक पर सवार एक युवक और युवती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
CCTV में कैद हुआ हादसे का खौफनाक पल
यह पूरी दुर्घटना पांचवीं रोड पर स्थित एक प्रसिद्ध मिठाई की दुकान के ठीक पास हुई। इस दर्दनाक हादसे से जुड़ा एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्कॉर्पियो द्वारा बाइक को टक्कर मारने और उसके बाद मचे अफरा-तफरी के माहौल की पूरी गतिविधि साफ तौर पर दिखाई दे रही है। घटना को अंजाम देने के बाद बेखौफ स्कॉर्पियो चालक मौके से गाड़ी भगाकर फरार हो गया।
टाइम्स नाउ नवभारत टाइम्स पर यह भी पढ़ें- हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से हाहाकार, गुरुग्राम, फरीदाबाद और नूंह में ब्लैकआउट जैसे हालात
अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल, पुलिस कर रही तलाश
हादसा होते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। दरियादिली दिखाते हुए आसपास के लोगों ने तुरंत आगे बढ़कर दोनों घायलों की मदद की और उन्हें फौरन इलाज के लिए शहर के मथुरादास माथुर (MDM) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही सरदारपुरा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई बाइक को अपने कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है। फिलहाल, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे तमाम सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की पहचान कर जल्द से जल्द उसे सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
