शहर

Govindpura News: शख्स के सिर पर खून सवार, सोती हुई पत्नी और तीन बेटियों को ईंट से हमला कर मार डाला

Govindpura Jaipur News: जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या कर पति फरार हो गया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Image

जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों का कत्ल कर पति फरार

Govindpura Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार सुबह एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या से सनसनी फैल गई। घटना करधनी थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा इलाके की है, जहां एक महिला और उसकी तीन बेटियों के शव घर के अंदर खून से लथपथ मिले। पुलिस के मुताबिक, चारों पर ईंट से हमला किए जाने की आशंका है। घटना के बाद महिला का पति राहुल झा फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

मृतकों की पहचान गीता (40) और उनकी तीन बेटियों नंदिनी, गिरीशा और राधिका के रूप में हुई है। तीनों बेटियों की उम्र 17 से 23 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

सोते समय हमला किए जाने की आशंका

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। आशंका है कि आरोपी राहुल झा (मृतक गीता का पति) ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली ईंट से चारों पर हमला किया। पुलिस को मौके से चार शव मिले हैं।

घटना का पता आज यानी शुक्रवार 11 सितंबर को सुबह लगभग 10 बजे चला। इसके बाद करधनी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घर में आरोपी के 85 वर्षीय पिता भी मौजूद थे। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

FSL और डॉग स्क्वायड ने जुटाए सबूत

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया। टीमों ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं। ईंट और अन्य संभावित सबूतों की भी जांच की जा रही है।

शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने हत्या के पीछे की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटनाक्रम और मकसद की तस्वीर साफ हो पाएगी।

जयपुर वेस्ट के ADCP राजेश कुमार ने बताया कि कंट्रोल रुम को लगभग 10 बजे काल आया, जिसमें बताया गया कि घर के अंदर चार लोगों की लाश पड़ी है। उन्होंने बताया कि सभी मृतकों के सिर पर सीमेंट की बड़ी सी ईंट से हमला किया गया था। इस हत्याकांड के बाद से ही पति राहुल झा गायब है। उन्होंने बताया कि राहुल ने सुबह करीब 7 बजे अपने पिता को चाय दी और उसके बाद से वह गायब है।

आरोपी की तलाश में की गई नाकाबंदी

पुलिस आयुक्त कार्यालय के निर्देश पर आरोपी राहुल झा की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। शहर के प्रमुख रास्तों और संभावित ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है। सीमावर्ती इलाकों में भी निगरानी बढ़ाई गई है।

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरन के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article