शहर

जयपुर में गोदारा गैंग का खौफ! वीरेंद्र चारण के नाम पर ज्वेलर से मांगी 5 करोड़ की रंगदारी; मामला दर्ज

जयपुर के झोटवाड़ा में एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी कारोबारी को लॉरेंस गैंग के नाम पर 5 करोड़ की रंगदारी के लिए धमकाया गया है। पुलिस साइबर सेल के जरिए मामले की जांच कर रही है।

Image

पिंक सिटी में व्यापारियों पर मंडरा रहा खतरा (सांकेतिक चित्र)

Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में गैंगस्टरों के नाम पर व्यापारियों को धमकाने और करोड़ों की वसूली का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला शहर के झोटवाड़ा इलाके का है, जहां एक प्रतिष्ठित आभूषण कारोबारी को कुख्यात गैंगस्टर वीरेंद्र चारण के नाम पर 5 करोड़ रुपए की रंगदारी के लिए धमकाया गया है। इस धमकी भरे मैसेज के बाद से पीड़ित परिवार गहरे सदमे और डर के साये में है।

6 मई को आया वॉयस मैसेज: "5 करोड़ दो, वरना..."

पीड़ित ज्वेलर ने झोटवाड़ा थाने में FIR दर्ज कराई, जिसके मुताबिक 6 मई को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से वॉयस मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को गोदारा गैंग का सक्रिय सदस्य वीरेंद्र चारण बताया। अपराधी ने बेहद तल्ख लहजे में 5 करोड़ रुपए की मांग की और चेतावनी दी कि यदि समय रहते पैसे नहीं दिए गए, तो कारोबारी और उसके पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।

तकनीकी जांच में जुटी साइबर टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस ने रंगदारी और जान से मारने की धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की विशेष साइबर टीम उस मोबाइल नंबर और वॉयस मैसेज के 'डिजिटल फुटप्रिंट्स' खंगाल रही है। पुलिस यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि क्या यह वाकई रोहित गोदारा गैंग की हरकत है या किसी स्थानीय बदमाश ने गैंग का नाम इस्तेमाल कर ज्वेलर को डराने की साजिश रची है।

गुलाबी नगरी में 'इंटरनेट कॉलिंग' का खौफ

जयपुर में पिछले कुछ महीनों में गैंगस्टरों के विदेशी नंबरों और इंटरनेट कॉलिंग के जरिए कारोबारियों को धमकाने की घटनाएं बढ़ी हैं। रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण जैसे अपराधी विदेश में बैठकर सोशल मीडिया और कॉल के जरिए राजधानी के व्यापारियों में डर पैदा कर रहे हैं। पुलिस अब इन सभी मामलों की कड़ियों को जोड़कर वसूली के इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को ध्वस्त करने की योजना बना रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें