शहर

UPSC वीडियो विवाद के बीच IPS बुशरा बानो का तबादला, राज्य सशस्त्र पुलिस में नई पोस्टिंग

पश्चिम बंगाल की IPS अधिकारी और खड़गपुर की एडिशनल एसपी बुशरा बानो का ट्रांंसफर कर दिया गया है। उन्हें राज्य सशस्त्र पुलिस में डिप्टी कमांडेंट बनाया गया है। यह तबादला UPSC उम्मीदवारों के लिए बनाए गए उनके एक वीडियो के कुछ दिनों बाद हुआ।

Image

IPS बुशरा बानो (File Photo)

Photo : Times Now Digital

IPS Officer Transfer: पश्चिम बंगाल की IPS अधिकारी और खड़गपुर की एडिशनल SP बुशरा बानो का सोमवार को तबादला कर दिया गया। उन्हें राज्य सशस्त्र पुलिस में डिप्टी कमांडेंट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह तबादला ऐसे समय हुआ है, जब कुछ दिन पहले UPSC की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का हौसला बढ़ाने वाला उनका एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी काफी आलोचना हुई थी।

13 सितंबर को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया वीडियो

बुशरा बानो 2021 बैच की IPS अधिकारी हैं। उन्होंने 13 सितंबर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था। जिसमें उन्होंने बताया था कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की रेजिडेंशियल कोचिंग एकेडमी ने किस तरह UPSC परीक्षा की तैयारी में उनकी मदद की थी। हालांकि, बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया अकाउंट से डिलीट कर दिया गया।

वीडियो को लेकर क्यों हुआ विवाद?

वीडियो में बुशरा बानो पुलिस की वर्दी में नजर आ रही थीं। उन्होंने अपनी बात की शुरुआत 'अस्सलाम-अलैकुम' से की थी और बातचीत के दौरान 'इंशाल्लाह' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। जिसको लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनकी आलोचना की।'हिंदू लीगल फंड' नाम के एक ट्विटर हैंडल ने दावा किया कि उसने इस वीडियो को लेकर पश्चिम बंगाल के गृह सचिव से शिकायत की थी। जिसमें आरोप लगाया गया कि एक सरकारी अधिकारी को सार्वजनिक बातचीत में निष्पक्षता बनाए रखनी चाहिए और राष्ट्रीय शब्दों का इस्तेमाल करना चाहिए। शिकायत में इस मामले में उचित समीक्षा और कार्रवाई की मांग की गई। हालांकि, इन आरोपों पर बुशरा बानो की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

बुशरा बानो की जगह पार्थ घोष संभालेंगे जिम्मेदारी

बुशरा बानो के ट्रांसफर के बाद राज्य सरकार ने उनकी जगह पार्थ घोष को खड़गपुर का नया एडिशनल एसपी नियुक्त किया है। बुशरा बानो का तबादला वीडियो विवाद के कुछ दिनों बाद हुआ है। हालांकि, सरकार ने तबादले की वजह के तौर पर वीडियो विवाद का आधिकारिक तौर पर कोई कारण नहीं बताया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article