शहर

मजदूर दिवस पर नोएडा में हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर कैमरे की नजर; भारी पुलिस-PAC की तैनाती, 8 मई तक लागू रहेंगे प्रतिबंध

नोएडा में श्रमिक दिवस को लेकर पुलिस अलर्ट पर है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने फेस-2 होजरी कॉम्प्लेक्स में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। पिछले दिनों श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन के बाद श्रमिक दिवस को देखते हुए जिले में धारा 163 लागू की गई है। गौतमबुद्ध नगर को11 जोन और 49 सेक्टर में बांटा गया है।

Image

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह

Noida News: अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस (International Workers Day) के मौके पर गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्ररेट ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। हाल ही में हुए प्रदर्शनों को देखते हुए 30 अप्रैल से 8 मई तक धारा 163 लागू है। सुरक्षा के लिहाज से पूरे जिले को जोनल और सेक्टर व्यवस्था में बांटकर चप्पे-चप्पे की कड़ी निगरानी की जा रही है। जिले में 50 से अधिक संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और CCTV से पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह खुद औद्योगिक क्षेत्रों का जायजा ले रही हैं। आज अधिकतर सड़के खाली नजर आ रही है।

पुलिस प्रशासन द्वारा लागू की गई जोनल-सेक्टर स्कीम के तहत कमिश्नरेट क्षेत्र को कुल 11 जोन और 49 सेक्टरों में बांटा गया है। इनमें नोएडा जोन को 4 जोन और 16 सेक्टर, सेंट्रल नोएडा को 3 जोन और 24 सेक्टर तथा ग्रेटर नोएडा को 4 जोन और 9 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य हर क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करना और किसी भी स्थिति से त्वरित निपटना है।

ड्रोन कैमरा से पुलिस कर रही निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अन्य जनपदों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया है, जिसमें 6 एसपी रैंक के अधिकारी, 14 अपर पुलिस अधीक्षक, 30 क्षेत्राधिकारी (डिप्टी एसपी), 65 निरीक्षक, 400 उपनिरीक्षक, 150 महिला उपनिरीक्षक, 900 आरक्षी और 200 महिला आरक्षी शामिल हैं। इसके अलावा 10 कंपनियां पीएसी की भी तैनाती की गई है।

कमिश्नरेट स्तर पर भी 2 डीसीपी, 3 एडिशनल डीसीपी और 4 एसीपी समेत अन्य अधिकारी ड्यूटी पर लगाए गए हैं। महत्वपूर्ण औद्योगिक इकाइयों, बहुराष्ट्रीय कंपनियों, लघु उद्योग क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष तैनाती की गई है। साथ ही मोबाइल पुलिस टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। लगभग 50 से अधिक प्रमुख स्थानों पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी जा रही है, जबकि मुख्य चौराहों और संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय हैं। कंट्रोल रूम में एक राजपत्रित अधिकारी को नियुक्त किया गया है, जो सभी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं।

पुलिस द्वारा पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से आम जनता को शासन के दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी जा रही है। वहीं, श्रमिक संगठनों के संभावित धरना-प्रदर्शन को देखते हुए 30 अप्रैल से 8 मई तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 लागू कर दी गई है।

लेबर डे पर नोएडा में कितनी सुरक्षा

  • मजदूर दिवस पर नोएडा में हाई अलर्ट पर पुलिस
  • संभावित धरना प्रदर्शन के मद्देनजर 30 अप्रैल से 8 मई तक धारा 163 लागू
  • सुरक्षा के लिए नोएडा को 11 जोन और 42 सेक्टर में बांटा गया
  • 50 से अधिक संवेदनशील जगहों पर CCTV और ड्रोन से निगरानी
  • फेज-2 होजरी कॉम्प्लेक्स में ड्रोन कैमरों से पैनी नजर
  • 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मी और PAC बल शहर में तैनात
  • औद्योगिक क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
  • संवेदनशील इलाकों में मॉनिटरिंग लगातार जारी
Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article