शहर

Indore News: आबादी के बीच पहुंचा तेंदुआ, डिलीवरी बॉय पर हमला कर घर में जा छिपा; दहशत में लोग

इंदौर में मंगलवार रात रिहायशी इलाके में तेंदुआ घुसने से दहशत फैल गई। तेंदुए ने एक डिलीवरी बॉय पर हमला किया। इसके बाद तेंदुआ एक घर के बाथरूम में छिप गया। रातभर चले रेस्क्यू अभियान के बाद भी तेंदुआ अभी तक पकड़ में नहीं आया है।

Image

इंदौर में तेंदुए से दहशत, डिलीवरी बॉय पर किया हमला

Photo : Times Now Digital

Leopard in Indore: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ आबादी वाले इलाके में घुस आया। इस दौरान तेंदुए ने एक डिलीवरी बॉय पर हमला किया, गनीमत की बात है कि वह सुरक्षित बच निकला। लेकिन तेंदुआ बाद में एक घर के बाथरूम में छिप गया। वन विभाग और पुलिस ने रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन तेंदुआ पकड़ में नहीं आया। जिसके बाद इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।

डिलीवरी बॉय पर अचानक हमला

यह घटना इंदौर के बिचौली मर्दाना क्षेत्र की है। रालामंडल अभयारण्य से सटे इस इलाके में तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में दहशत फैल गई। तेंदुआ पहले सड़क पर घूमता हुआ नजर आया, जिसका वीडियो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गया। इसी दौरान वहां से एक डिलीवरी बॉय बाइक से गुजर रहा था, जिस पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। युवक जैसे ही तेंदुए के करीब पहुंचा, उसने उस पर छलांग लगा दी। घबराया हुए युवक ने तुरंत बाइक वहीं छोड़ दी और भागकर अपनी जान बचाई। घटना के समय वहां से एक अन्य बाइक सवार भी गुजरे, लेकिन तेंदुए ने उस पर हमला नहीं किया।

घर के बाथरूम में छिपा तेंदुआ

बाइक सवार पर हमला करने के बाद तेंदुआ भागते हुए पास के एक मकान में घुस गया। जहां वह बाथरूम में जाकर छिप गया। तेंदुए की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाने लगे, जिससे रेस्क्यू अभियान में परेशानी होने लगी।

वन विभाग ने रातभर चलाया रेस्क्यू अभियान

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम जाल, पिंजरा और अन्य जरूरी उपकरणों को लेकर मौके पर पहुंची। तेंदुए को पकड़ने के लिए घर के बाहर जाल लगाया गया। उसे बेहोश करने के लिए ट्रैंक्विलाइजर गन भी मंगाई गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी। हालांकि देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद तेंदुआ वन विभाग की टीम की पकड़ से दूर रहा। एहतियात के तौर पर रेस्क्यू टीम ने मौके पर पिंजरा लगाकर निगरानी जारी रखी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि तेंदुआ दिखाई देने पर उसके पास न जाएं और तुरंत वन विभाग या पुलिस को सूचना दें।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article