शहर

Aaj Ka Mausam: कश्मीर से राजस्थान तक सर्दी का तांडव, मैदानों में बर्फीली हवाएं बनी आफत, पहाड़ों में माइनस तापमान

आज का मौसम कैसा रहेगा (04 January 2026 Weather Today) Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega: उत्तर भारत में भीषण ठंड का प्रकोप जारी है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। वहीं मैदानी इलाकों में भी घना कोहरा और शीतलहर का असर जारी है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में कोहरे और ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है।

Image

उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप (सांकेतिक फोटो | PTI)

Photo : PTI

आज का मौसम कैसा रहेगा (04 January 2026) Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega: कश्मीर से राजस्थान तक उत्तर भारत के अधिकतर जिले भीषण सर्दी की गिरफ्त में है। पहाड़ों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया है वहीं मैदानी इलाकों में भी शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप जारी है। सुबह और रात ही नहीं बल्कि दिन में भी ठंड अपना असर दिखा रही है, कई जगहों पर दिन में भी धूप नदारद है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, यूपी, राजस्थान, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों के लिए कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है, जिससे आने वाले दिनों में सर्दी का प्रकोप और बढ़ने की आशंका है।

कश्मीर में चिल्ला-ए-कलां का दौर जारी

आईएमडी ने बताया कि कुछ दिनों की राहत के बाद कश्मीर में ठंड फिर लौट आई है और न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। श्रीनगर में शुक्रवार रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के 0.1 डिग्री सेल्सियस से कम है। उत्तरी कश्मीर का मशहूर स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया। दक्षिणी कश्मीर के पर्यटक रिसॉर्ट पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में पारा शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। यह क्षेत्र अभी ‘चिल्ला-ए-कलां’ के दौर में है, जो 40 दिनों की अत्यधिक ठंड की अवधि होती है। इस दौरान रात का तापमान अक्सर शून्य से कई डिग्री नीचे चला जाता है।

हिमाचल प्रदेश में घने कोहरे और बर्फबारी का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के सिलसिले में मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले हफ्ते सात जिलों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाये रहने की आशंका जताते हुए शनिवार को ‘येलो वार्निंग’ जारी की। मौसम विभाग ने चार से सात जनवरी तक सुबह के दौरान ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में छिटपुट स्थानों पर घना कोहरा छाये रहने की ‘येलो वार्निंग’ जारी की। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे कम तापमान कुकुमसेरी में रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। ताबो में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री नीचे और कल्पा में शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। मौसम विभाग ने अनुमान जताया कि किन्नौर और लाहौल एवं स्पीति जिलों में छह जनवरी को छिटपुट स्थानों पर हल्की बर्फबारी होगी। मनाली, नारकंडा, पालमपुर, कुफरी, धर्मशाला और शिमला जैसे पर्यटन स्थलों पर न्यूनतम तापमान क्रमश: 0.2 डिग्री सेल्सियस, 0.4 डिग्री, 1.0 डिग्री, 2.7 डिग्री, 4.2 डिग्री और 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि उत्तराखंड में हिमालय की तलहटी में कुछ समय तक कोहरा बना रह सकता है। साथ ही दिन के कम तापमान के कारण कुछ क्षेत्रों में ठंड का मौसम रह सकता है। अगले दो से तीन दिनों तक ऊधम सिंह नगर और हरिद्वार जिलों के मैदानी इलाकों के साथ-साथ देहरादून, पौड़ी और नैनीताल जिलों के निचले इलाकों में भी कोहरा छाया रहने की संभावना है। इस दौरान दिन का तापमान सामान्य से कम रहने के कारण इन क्षेत्रों में अधिक ठंड रह सकती है। फिलहाल उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान मौसमी सामान्य के आसपास है, जबकि मैदानी इलाकों में यह सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा है। प्रदेश में नववर्ष के दिन बद्रीनाथ और हेमकुंड जैसे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी दर्ज हुई थी।

पंजाब और हरियाणा में भी कड़ाके की ठंड का प्रकोप

पंजाब और हरियाणा में शनिवार को कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा। हालांकि दोनों राज्यों के कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में महेंद्रगढ़ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक यानी 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि हिसार में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक यानी 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करनाल में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक यानी नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब में फरीदकोट सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक यानी 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लुधियाना में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक यानी 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

राजस्थान में खूब सता रही ठंड

राजस्थान के कुछ हिस्सों में शनिवार को भी ठंड का प्रकोप जारी रहा, जबकि पूर्वी क्षेत्र के कई स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा छाया रहा। आईएमडी ने बताया कि सीकर जिले का फतेहपुर राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अलवर में 4.4 डिग्री सेल्सियस, सिरोही में पांच डिग्री सेल्सियस, लूंकरनसर में 5.6 डिग्री सेल्सियस, करौली में 6.1 डिग्री सेल्सियस और जयपुर में 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने कहा है कि पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में, विशेष रूप से रात और सुबह के शुरुआती घंटों में, ठंड का प्रकोप जारी रहने की संभावना है और कोहरे वाले क्षेत्रों में दृश्यता कम रहेगी।

यूपी में हाड़ कंपाने वाली ठंड

उत्तर प्रदेश में आज कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहेगा। 37 जिलों में शीत दिवस का अलर्ट भी जारी किया गया है। सुबह के समय अधिकतर जिलों में घना कोहरा भी छाया रह सकता है। यूपी में शनिवार को भी कई हिस्सों में भीषण ठंड रही। कई स्थानों पर दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास या उससे अधिक रहा। राज्य की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक था। बाराबंकी में अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस, हरदोई में 15.2 डिग्री, बरेली में 14.1 डिग्री और मुरादाबाद में 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article