शहर

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में बढ़ेगा बारिश का कहर, नैनीताल-बागेश्वर में आज IMD का ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होते ही कई जिलों में भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने नैनीताल और बागेश्वर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि कई अन्य जिलों में भी भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। बारिश के चलते भूस्खलन और पहाड़ियों से मलबा गिरने के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग और केदारनाथ यात्रा मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

Image

उत्तराखंड में आज का मौसम (AI फोटो)

Uttarakhand Orange Alert: उत्तराखंड में मानसून की एंट्री हो चुकी है। वहीं IMD ने नैनीताल और बागेश्वर जिलों में आज यानी शुक्रवार को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी के साथ बारिश के कारण पहाड़ियों से मलबा और पत्थर गिरने से बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग और केदारनाथ यात्रा मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। बता दें कि उत्तराखंड में 30 जून को मानसून ने दस्तक दी थी और बुधवार तक यह पूरे प्रदेश में सक्रिय हो गया।

कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश

देहरादून स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, बृहस्पतिवार को कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। केंद्र के अनुसार खानपुर में 41.5 मिलीमीटर, लक्सर में 33 मिलीमीटर, रुड़की में 21 मिलीमीटर, थलीसैंण में 19 मिलीमीटर, रानीखेत में 18 मिलीमीटर, चंपावत में 15 मिलीमीटर, मसूरी में 12.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गयी। पिछले 24 घंटे के दौरान मैदानी क्षेत्रों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य तथा पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य से कम रहा।

तापमान का रहा कुछ ऐसा हाल

मौसम केंद्र के अनुसार, बृहस्पतिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार मुक्तेश्वर और नयी टिहरी में अधिकतम तापमान 24.5 और 20.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से दो और तीन डिग्री कम था। केंद्र ने शुक्रवार के लिए नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों के लिए कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

केदारनाथ यात्रा मार्ग अवरुद्ध

पूर्वानुमान को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने संबंधित जिलाधिकारियों को जरूरी सतर्कता बरतने और एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि रुद्रप्रयाग जिले के मुनकटिया क्षेत्र में पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण केदारनाथ यात्रा मार्ग अवरुद्ध हो गया जिसके कारण इस मार्ग पर कुछ समय के लिए गाड़ियों और पैदल यात्रियों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोकनी पड़ी। रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि जेसीबी की मदद से मलबा और बड़े पत्थर हटाने के बाद मार्ग को खोल दिया गया और यातायात बहाल हो गया।

भूस्खलन के बाद बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग भी अवरुद्ध

इसी तरह, चमोली जिले में सुबह से जारी बारिश के बीच चमोली और जोशीमठ के बीच गुलाबकोटी गांव के पास पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया। अधिकारियों ने बताया कि मार्ग अवरुद्ध होने से बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब आने-जाने वाले श्रद्धालुओं तथा स्थानीय लोगों के वाहनों की दोनों ओर लंबी कतारें लग गईं। अधिकारियों ने बताया कि हालांकि, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) की मशीनों की मदद से मलबा हटाकर कुछ घंटों बाद यातायात को सुचारू कर दिया गया।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!