Kanpur News: कानपुर IIT में पीएचडी के एक छात्र ने हॉस्टल बिल्डिंग की 6वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत छात्र की पहचान रामस्वरूप ईश्वरम के रूप में हुई है। वह अर्थ साइंस से पीएचडी कर रहा था। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से डिप्रेशन और एंग्जायटी से जूझ रहा था। उसकी काउंसलिंग भी चल रही थी। गौरतलब है कि संस्थान में यह एक महीने में दूसरी खुदकुशी की घटना है। इससे पहले 29 दिसंबर को बीटेक फाइनल ईयर के छात्र जय सिंह मीणा ने कैंपस हॉस्टल में आत्महत्या कर ली थी। संस्थान में ऐसी घटनाओं के कारण छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंता और गहरा गई है।
परिवार के साथ हॉस्टल में रहता था छात्र
पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय रामस्वरूप ईश्वरम राजस्थान के चूरू का रहने वाला था। वह आईआईटी-कानपुर से पीएचडी कर रहा था। वह कैंपस की न्यू एसबीआरए बिल्डिंग में अपनी पत्नी मंजू और तीन साल की बेटी के साथ रह रहा था। छात्र ने मंगलवार दोपहर को इसी बिल्डिंग की 6वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
छात्र की चल रही थी काउंसलिंग
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही उसकी पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है। डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि छात्र लंबे समय से अवसाद और चिंता से जूझ रहा था। उसने कई बार काउंसलिंग भी करवाई। बताया जा रहा है कि सोमवार को ही उसकी काउंसलिंग हुई थी। जिसके बाद मंगलवार शाम को उसे बुलाया गया था। लेकिन उससे पहले ही छात्र ने अपनी जान दे दी। पुलिस इस मामले में हर पहलू से जांच कर रही है।
संस्थान ने घटना पर जताया शोक
आईआईटी-कानपुर के निदेशक मनींद्र अग्रवाल ने इस घटना पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि संस्थान ने एक होनहार शोधार्थी को खो दिया है। रामस्वरूप ईश्वरम ने जुलाई 2023 में संस्थान को जॉइन किया था। उन्होंने कहा कि संस्थान शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता है।
