Kullu Road Accident: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। खड़े ट्रक से तेज रफ्तार कार की टक्कर में उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की खबर सामने आई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है और पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा हुआ किस वजह से है। क्या वाहन चालक नशे में था या उसकी झपकी लग गई थी।
नव वर्ष की खुशियां मातम में बदली
न्यूज एजेंस पीटीआई के अनुसार, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीन महिलाओं समेत चार दोस्त नव वर्ष की पूर्व संध्या और स्थानीय टैटू कलाकार सतपाल का जन्मदिन मनाने के लिए कसोल आए थे। बृहस्पतिवार तड़के वह लोग कुल्लू लौट रहे थे तभी करीब 3 बजे उनकी तेज रफ्तार गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक चबूतरे से टकराकर आगे खड़े एक ट्रक से जा भिड़ी। इस हादसे में कार में सवार सतपाल समेत 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे इतना भयावह था कि इसका अंदाजा वाहन की स्थिति को देखते हुए लगाया जा सकता है। इस टक्कर में वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।
घायल का इलाज जारी
अधिकारियों के अनुसार घायल महिला को इलाज के लिए मंडी स्थित नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। दोनों मृत महिलाओं की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस के मुताबिक इस दुर्घटना के सिलसिले में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच चल रही है। उसने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शवों को मृतक के परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
(इनपुट - भाषा)
