Mandi Cloudburst: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में आसमान से आई आफत ने भारी तबाही मचाई। बीती रात मंडी के चार इलाकों से बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं। जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भारी बारिश और बादल फटने के कारण कई जगह फ्लैश-फ्लड और लैंडस्लाइड भी हुआ। जिससे अब तक एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है और 13 से अधिक लोग अलग-अलग जगहों पर फंसे हुए हैं। DC मंडी ने आज सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी भी घोषित कर दी है।
फ्लैश फ्लड से की मकान जमींदोज
मंडी के पधर इलाके में फ्लैश फ्लड से लोगों को काफी नुकसान हुआ है। कई जगहों पर मकान जमींदोज हो गए हैं और रास्ते भी पूरी तरह से बंद हो गए हैं। सुकेती खड्ड सहित अन्य नदी-नाले भी उफान पर है, जिससे व्यास नदी का जलस्तर काफी ऊपर चढ़ गया है। बीती रात करसोग के कुट्टी बाइपास और पुराना करसोग इलाके में भी बादल फटने की घटना हुई। इस हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि 12 अन्य लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। करसोग के ओल्ड बाजार से 7 लोगों को रेस्क्यू किया गया है, लेकिन अभी भी 9 लोग फंसे हुए हैं।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
मंडी के थुनाग और गोहर इलाके से भी बादल फटने की सूचना मिली। गोहर में फंसे हुए 6 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है, जबकि 4 अन्य लोग अभी भी मलबे या पानी के बीच फंसे हुए हैं। फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। मंडी में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और नदी-नालों से दूर रहने को भी कहा है। है। NDRF और स्थानीय प्रशासन मिलकर राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
