कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। बारिश के कारण अचानक भूस्खलन हो गया। जिसके मलबे की चपेट में आने से एक झोपड़ी दब गई। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
कोप्पल जिले का रहने वाला था परिवार
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 35 वर्षीय मल्लिकार्जुन, उनकी 28 वर्षीय पत्नी नागवेणी और उनके तीन वर्षीय बेटे संतोष के रूप में हुई है। यह परिवार मूल रूप से कोप्पल जिले के गंगावती तालुक के कोक्कारेगारु गांव का रहने वाला था।
हादसे के समय झोपड़ी में सो रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 2:30 बजे परिवार झोपड़ी में सो रहा था। इसी दौरान लगातार हो रही बारिश के कारण पास की पहाड़ी का बड़ा हिस्सा अचनाक ढह गया और पूरी झोपड़ी मलबे में दब गई। इस हादसे में पास स्थित दूसरी झोपड़ी में सो रहा एक व्यक्ति भी मलबे की चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - मुरादाबाद में महिला बैंक कर्मचारी ने फांसी लगाकर दी जान, दरवाजा तोड़कर निकाला शव; नहीं मिला सुसाइड नोट
तीनों शवों को मलबे से निकाला गया बाहर
घटना की सूचना मिलते ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विस और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बचाव अभियान चलाकर मलबे में दबे तीनों शवों को बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मलनाड इलाके में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण पहाड़ी का हिस्सा ढह गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पहाड़ी और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।
