हरियाणा में पिछले 36 दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हो गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात के बाद सफाई कर्मचारी संघ ने हड़ताल समाप्त करने का ऐलान किया। बैठक में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी भी मौजूद रहे। पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान नरेश शास्त्री ने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को मान लिया है और उन्हें लिखित में आश्वासन दिया है। सरकार के साथ सहमति बनने के बाद हड़ताल तत्काल प्रभाव से खत्म कर दी गई है। सफाई कर्मचारी आज से ही काम पर लौटेंगे। उन्होंने कहा कि अगले 10 दिनों में पूरे हरियाणा में सफाई अभियान चलाकर प्रदेश को स्वच्छ किया जाएगा और स्वच्छ भारत मिशन के तहत अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।
नरेश शास्त्री ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कर्मचारियों की मांगों पर विचार किया, जिसके बाद हड़ताल का समाधान निकला। उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारियों के रिक्त पदों पर नियमित भर्ती करना उनकी प्रमुख मांग थी। इसके अलावा फायरमैन और ड्राइवरों को भी भर्ती में लाभ देने पर सहमति बनी है। कर्मचारियों को एलटीसी और मेडिकल चेकअप की सुविधा भी मिलेगी।
नियमित कर्मचारियों को जोखिम भत्ता
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को कैशलेस सुविधा देने पर भी सहमति बनी है। नियमित कर्मचारियों को जोखिम भत्ता दिया जाएगा। कर्मचारी की मृत्यु होने पर अनुकम्पा राशि 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है। दुर्घटना में अंग भंग होने पर 25 लाख रुपये का लाभ मिलेगा। चिरायु योजना के तहत 9,000 रुपये विभाग की ओर से दिए जाएंगे। कर्मचारियों को अब 20 मेडिकल छुट्टियां मिलेंगी, जबकि पहले 10 मेडिकल छुट्टियों का प्रावधान था। सफाई और सीवर के पढ़े-लिखे कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ देने पर भी सहमति बनी है। सफाई कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन का लाभ देने की मांग भी मान ली गई है। इसके अलावा हड़ताल के दौरान जान गंवाने वाले दो कर्मचारियों के परिवार के एक-एक सदस्य को नौकरी देने पर भी सहमति बनी है।
दरअसल, हरियाणा में सफाई कर्मचारी करीब 36 दिनों से हड़ताल पर थे। इसके चलते कई शहरों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए थे। गंदगी के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय प्रशासन ने कई जगह रात के अंधेरे में कूड़ा उठाने का प्रयास किया, लेकिन सफाई कर्मचारियों ने इसका विरोध किया। इस दौरान कई स्थानों पर पुलिस और सफाई कर्मचारियों के बीच झड़प भी हुई थी।
