शहर

Haryana Nikay Chunav: हरियाणा के 7 निकायों में वोटिंग शुरू, 601 उम्मीदवार मैदान में

हरियाणा में आज 7 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। पंचकूला, सोनीपत और अंबाला नगर निगम समेत कई निकायों में 151 पदों के लिए 601 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

Image

हरियाणा निकाय चुनाव के लिए वोटिंग शुरू (AI Image)

Haryana Nikay Chunav: हरियाणा में रविवार को अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों में मेयर और वार्ड पार्षदों के चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। हरियाणा में 7 शहरी निकायों में 151 पदों पर 601 उम्मीदवार मैदान में हैं। आज रेवाड़ी नगर परिषद में अध्यक्ष और पार्षदों के चुनाव के लिए भी मतदान हो रहा है। सभी पदों के लिए वोटिंग शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। हरियाणा निकाय चुनाव के नतीजे 13 मई को घोषित किए जाएंगे।

सांपला (रोहतक जिला), धारूहेड़ा (रेवाड़ी जिला) और उकलाना (हिसार जिला) नगर समितियों में अध्यक्ष और पार्षदों के चुनाव के लिए भी वोट डाले जा रहे हैं। टोहाना, झज्जर, राजौंद, तरावड़ी, कनीना और साढौरा में नगर परिषदों और नगर समितियों के एक-एक वार्ड के लिए उपचुनाव भी हो रहे हैं।माना जा रहा है कि नगर निकाय चुनावों में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है।

मतदान केंद्रों में वोटर्स के लिए सुविधाएं

हरियाणा राज्य निर्वाचन आयुक्त देवेंद्र सिंह कल्याण ने पहले कहा था कि आयोग आगामी निकाय चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में नगर निकाय चुनाव के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मतदान केंद्रों पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर स्पष्ट संकेतक, हेल्प डेस्क, पेयजल, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

दिव्यांगजनों-वरिष्ठ नागरिकों के लिए खास व्यवस्था

दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे मतदाताओं के लिए रैंप, व्हीलचेयर और अलग कतारों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है ताकि वे बिना किसी परेशानी के मतदान कर सकें। इसके अलावा, जिन मतदान केंद्रों पर भारी भीड़ की संभावना है वहां विशेष इंतजाम किए गए हैं। कतारों के सुचारु प्रबंधन के लिए अतिरिक्त कर्मियों, वाहनों की उपलब्धता और एनसीसी तथा एनएसएस स्वयंसेवकों की सहायता ली जाएगी।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article