Gurugram Encounter: हरियाणा के साइबर सिटी गुरुग्राम के पॉश इलाके सुशांत लोक में देर रात पुलिस की क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच एक भीषण मुठभेड़ हो गई। इस क्रॉस-फायरिंग में विदेश में बैठकर सिंडिकेट चला रहे कुख्यात गैंगस्टर दीपक नांदल गैंग के चार शार्पशूटर ढेर हो गए, जबकि एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हुआ है। बदमाशों की ओर से की गई अंधाधुंध फायरिंग की जवाबी कार्रवाई में गुरुग्राम पुलिस के तीन जवान भी गोली लगने से घायल हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार, ये बदमाश महिंद्रा स्कॉर्पियो कार में सवार होकर एसजीटी (SGT) यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे के आवास पर रंगदारी और फिरौती की मांग को लेकर दहशत फैलाने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि गैंग के सदस्य रंगदारी की मांग को लेकर कारोबारी के घर पर फायरिंग करने की योजना बना रहे थे। मौके पर नाकेबंदी कर पहुंची क्राइम ब्रांच की टीम ने जब उन्हें सरेंडर करने को कहा, तो बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर ही सीधा हमला बोल दिया।
आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में पांचों शूटरों को गोली लगी, जिनमें से चार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया और पांचवें का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में अवैध और ऑटोमेटिक हथियार बरामद किए हैं। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और फोरेंसिक (FSL) की टीमें साक्ष्य जुटाने में लगी हैं।
ACP सदर धर्मवीर सिंह ने बताया कि गुरुवार शाम कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि कुछ हथियारबंद बदमाश एक कार में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान बदमाशों ने एक प्रमुख कारोबारी के घर में घुसकर फायरिंग कर दी, जिन्हें विदेश में बैठे एक गैंगस्टर की ओर से लगातार धमकियां और रंगदारी की कॉल मिल रही थीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं और उनका उपचार चल रहा है।
