शहर

Pilakhua News: सिर्फ 2 हजार रुपये के डीजल के लिए हापुड़ में पंपकर्मी से हैवानियत! स्कॉर्पियो ने दूर तक घसीटा

Pilakhua Hapur News Today: दिल्ली के पास हापुड़ के पिलखुवा में मात्र 2 हजार रुपये के डीजल का भुगतान किए बिना भाग रहे स्कॉर्पियो ड्राइवर ने पेट्रोल पंप सेल्समैन का हाथ कार की खिड़की में फंसा दिया और उसे सड़क पर घसीट दिया।

Pilakhua Hapur News Today: हापुड़ के पिलखुवा में सिर्फ 2 हजार रुपये के डीजल के भुगतान को लेकर पेट्रोल पंप सेल्समैन के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। आरोप है कि डीजल भरवाने के बाद पैसे देने की बजाय स्कॉर्पियो ड्राइवर अपनी गाड़ी भागने लगा। सेल्समैन ने उसे रोकने की कोशिश की तो ड्राइवर ने कार की खिड़की का शीशा ऊपर कर उसका हाथ फंसा दिया और गाड़ी दौड़ा दी। सेल्समैन सड़क पर घिसटता रहा और मदद के लिए चीखता रहा। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

मामला पिलखुवा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, काली स्कॉर्पियो संख्या UP 15 EY 3159 पेट्रोल पंप पर पहुंची थी। ड्राइवर ने लगभग 2 हजार रुपये का डीजल भरवाया। तेल डलने के बाद जब पंपकर्मी ने भुगतान मांगा तो आरोपी कथित तौर पर बिना पैसे दिए वहां से भागने लगा।

रुपये मांगे तो सेल्समैन को घसीट दिया

सेल्समैन ने वाहन को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान ड्राइवर ने खिड़की का शीशा ऊपर कर उसका हाथ दबा दिया। इसके बाद उसने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। सेल्समैन कुछ दूर तक कार के साथ सड़क पर घिसटता रहा। इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया।

पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपी को पकड़ा

घटना की सूचना मिलते ही पिलखुवा पुलिस एक्टिव हो गई और आरोपी की तलाश में नाकाबंदी शुरू कर दी। पुलिस टीम ने हिण्डालपुर बम्बा कट स्थित धर्म कांटे के पास घेराबंदी कर स्कॉर्पियो को रोक लिया और ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की पहचान हुई और स्कॉर्पियो सीज

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान फरयाद पुत्र अब्दुल वाहब, निवासी ग्राम ललियाना, थाना किठौर, मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा स्कॉर्पियो को भी सीज कर दिया है।

आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1), 351 और 316(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की तरफ से आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article