Gwalior Hospital Accident: ग्वालियर के कमलाराजा अस्पताल के पीडियाट्रिक वार्ड में बीती शाम अचानक छत का प्लास्टर गिर गया। जिससे अस्पताल में हड़कंप मच गया। हादसे में मां के साथ पलंग पर लेटी दो माह की बच्ची के पैर में चोट आई। गनीमत रही कि प्लास्टर बच्ची के ऊपर नहीं गिरा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। तीन दिन पहले भी इसी वार्ड में छत का प्लास्टर गिरने की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बच्ची के पैर पर गिरा प्लास्टर
जानकारी के अनुसार, बच्ची मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के जौरा की रहने वाली है। उसका भाई शिवम पिछले 15 दिनों से अस्पताल में भर्ती है। बताया जा रहा है कि बच्ची अपनी मां अंजलि के साथ पास के पलंग पर लेटी हुई थी। तभी अचानक छत से प्लास्टर का टुकड़ा गिर गया, जिससे बच्ची के पैर में चोट आई। घटना के बाद पीडियाट्रिक वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। एहतियात के तौर पर वार्ड में भर्ती अन्य बच्चों को तुरंत दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया। सूचना मिलते ही अस्पताल अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
बच्ची की हालत सामान्य
अस्पताल के पीआरओ डॉ. मनीष चतुर्वेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बारिश के कारण छत में सीलन आ गई। जिसकी वजह से प्लास्टर का हिस्सा गिरा। इस हादसे में बच्ची को मामूली चोट आई है, फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई गई है।
इमारत के मेंटनेंस कार्य के लिए भेजा गया प्रस्ताव
अस्पताल प्रशासन ने वर्कशॉप प्रभारी को छत की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि मरम्मत का काम करा दिया गया है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, कमलाराजा अस्पताल की इमारत काफी पुरानी है। इसके रिनोवेशन और मेंटेनेंस कार्य के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। बजट मिलने के बाद भवन का जीर्णोद्धार कराया जाएगा।
