Gurugram: गुरुग्राम के सेक्टर-46 में एक कारोबारी के घर पर 17 वर्षीय एक घरेलू सहायिका की संदिग्ध मौत होने का मामला सामने आया है। मृतका के गले में चुन्नी का फंदा बंधा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतका के परिजनों ने जमकर हंगामा करते हुए कारोबारी के परिवार पर युवती की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले की आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच की जा रही है।
गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि, मृतका गुरुग्राम की एक कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहती थी। यह मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी। वह सेक्टर-46 के रहने वाले एक कारोबारी दंपत्ति के यहां पर घरेलू सहायिका के तौर पर कार्य करती थी। परिजनों के अनुसार, मृतका चार दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को काम पर लौटी थी। सोमवार शाम को परिजनों को ग्राउंड फ्लोर पर किशोरी के फंदा लगाने की जानकारी मिली। जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो शव नीचे फर्श पर पड़ा हुआ था और मृतका के गले में चुन्नी फंसी थी।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार
इस मामले में मृतका के परिजनों ने पुलिस को शिकायत देते हुए कारोबारी पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि, कारोबारी दंपत्ति ने ही किशोरी की हत्या की है। यदि ऐसा न होता तो वह शव को पुलिस व परिजनों के आने से पहले फंदे से नीचे नहीं उतारते। परिजनों ने कहा कि, चुन्नी से गला घोंटकर हत्या करने के बाद इसे सुसाइड दिखाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में कारोबारी दंपत्ति के भी अलग-अलग बयान दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
