Gurugram: गुरुग्राम पुलिस ने एक बड़ी वारदात को होने से पहले ही अपनी सर्तकता से रोक लिया। राजीव चौक पर बीती रात नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक वाहन का पीछा कर तीन हथियारबंद बदमाशों को दबोचा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तीनों आरोपी एक ऐसी एसयूवी गाड़ी में सवार थे, जिसमें काले शीशे लगे थे। पुलिस टीम ने जब वाहन को रोकने की कोशिश की तो आरोपी भागने लगे। जिसके बाद पुलिस टीम ने दो किलोमीटर तक पीछा कर आरोपियों की गाड़ी को रोक लिया। जिसके बाद की गई जांच में आरोपियों के पास से लोडेड रिवाल्वर और उसके पास से पुलिस ने 14 कारतूस बरामद किए।
पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों में से एक की पहचान हिसार जिले के रहने वाले स्वतंत्र के रूप में की है। यह आरोपी गाड़ी चला रहा था और इसके पास से लोडेड रिवाल्वर मिली। वहीं गाड़ी में दो अन्य युवक भी बैठे थे। जिनके पास से कारतूस मिली। इन आरोपियों की पहचान भिवानी के रहने वाले संदीप कुमार व संजय के रूप में हुई। इन तीनों के खिलाफ पुलिस ने सिविल लाइन थाना में केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि, ये तीनों आरोपी गुरुग्राम में किसी की हत्या करने के लिए आए थे। हालांकि वारदात को अंजाम देने से पहले ही सभी को दबोच लिया गया।
