Gurugram: अपने कई ऐसी महंगी शराब के बारे में सुन रखा होगा, जिनकी कीमत हजारों से लेकर लाखों तक में होती है। गुरुग्राम में भी एक महिला को एक बोतल शराब करीब पांच लाख रुपये में पड़ी। इस महिला ने किसी महगें ब्रांड की शराब नहीं खरीदी थी, दरअसल यह ऑनलाइन शराब खरीदते समय ठगी का शिकार हो गई। महिला ने गूगल से एक वाइन शॉप का नंबर लेकर एक बोतल शराब का ऑर्डर किया था, इस दौरान शातिर ठगों ने महिला को झांसे में लेकर बैंक अकाउंट से 4,84,862 रुपये निकाल लिए। इस संबंध में महिला की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में ठगी का शिकार महिला ने बताया कि, घर पर कुछ मेहमान आए थे, जिनके लिए गुरुग्राम के एक फेमस वाइन शॉप से घर पर शराब मंगवाने के लिए उन्होंने गूगल से फोन नंबर निकाला। उस नंबर पर जब संपर्क किया तो फोन रिसीव करने वाले ने खुद को उसी शॉप का मैनेजर बता कर शराब का ऑर्डर ले लिया। आरोपी ने उससे शराब की कीमत का 10 फीसदी एडवांस पेमेंट करने को कहा।
आरोपी ने ऐसे दिया ठगी को अंजाम
शिकायतकर्ता ने बताया कि, आरोपी ने उसे अपनी बातों में फंसा कर ऑनलाइन पेमेंट के नाम पर उसे एक ओटीपी भेजा और फिर उसके खाते से सात बार में 4,84,862 रुपये निकाल लिए। महिला ने बताया कि, जब उसके मोबाइल पर रुपये कटने के संदेश आने लगे तब उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने अपना बैंक अकाउंट ब्लॉक कराया। घटना के बाद महिला ने इसकी शिकायत पुलिस को दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि, गुरुग्राम में ऑनलाइन शराब मंगाने के नाम पर यह ठगी का कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई महिला और पुरुष ठगी का शिकार हो चुके हैं। करीब दो माह पूर्व गुरुग्राम में एक रिटायर्ड महिला आईएएस अधिकारी के साथ भी लाखों रुपये की ठगी हो चुकी है। ऐसे में पूरी तरह जांच पड़ताल के बाद ही ऑनलाइन कुछ भी ऑर्डर करें।
