Gurugram: नया साल 2023 शहरवासियों के लिए नई सौगाते लेकर आ रहा है। नए साल के पहला माह में ही साइबर सिटी की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। क्योंकि इस माह के अंतिम सप्ताह में जहां दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का दौसा हिस्सा खोल दिया जाएगा, वहीं अतुल कटारिया अंडरपास भी शुरू हो जाएगा। यह दोनों परियोजनाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। इन दोनों के शुरू होने से गुरुग्राम के इनर और आउटर ट्रैफिक को जाम फ्री रफ्तार मिलेगा। इसके अलावा मार्च 2023 तक द्वारका एक्सप्रेसवे का काम भी पूरा हो जाएगा। इस एक्सप्रेसवे पर भी अप्रैल माह से वाहन फर्राटा भर सकेंगे। इन तीनों के शुरू होने से साइबर सिटी के विकास को भी रफ्तार मिलेगी।
बता दें कि, अतुल कटारिया अंडरपास शुरू होने से दिल्ली और जयपुर की तरफ से शीतला माता मंदिर की तरफ आने वाले वाहन चालकों को घंटों जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। लोग बिना रुके अंडरपास का इस्तेमाल कर निकल सकेंगे। इसके अलावा शीतला माता मंदिर की तरफ से दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जाने वाले लोगों को भी फायदा मिलेगा। गुरुग्राम पीडब्ल्यूडी के अधीक्षक अभियंता प्रवीन यादव ने बताया कि, अंडरपास का काम पूरा हो चुका है। इस अंडरपास को जनवरी के तीसरे सप्ताह में यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
सुविधाजनक होगा सफर
एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का सोहना से दौसा तक का करीब 280 किमी. हिस्से का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। जनवरी में एक्सप्रेसवे के इस हिस्से को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। जिसके बाद लोग चार से पांच घंटे में गुरुग्राम से दौसा पहुंच सकेंगे, अभी दौसा तक जाने में करीब 8 घंटे का समय लगता है। इसके अलावा, एनएचएआई मार्च माह तक द्वारका एक्सप्रेसवे का काम पूरा कर लेगा। अधिकारियों के अनुसार, इस एक्सप्रेसवे पर वाहन अप्रैल से फर्राटा भरने लगेंगे। इसकी शुरुआत होने से गुरुग्राम से दिल्ली और दिल्ली से गुरुग्राम आने-जाने वाले वाहन चालकों को बहुत फायदा मिलेगा। इस एक्सप्रेसवे का निर्माण दिल्ली-जयपुर हाईवे पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए किया जा रहा है। अभी इस हाईवे पर रोजाना सुबह शाम भारी जाम लगता है। अतुल कटारिया अंडरपास और ये दोनों एक्सप्रेसवे गुरुग्राम को जाम मुक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
