Gurugram: गुरुग्राम के गलेरिया मार्केट में कैश कलेक्शन एजेंट को सरेआम गोली मारकर लूट का प्रयास करने के मामले का खुलासा करते हुए गुरुग्राम पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपितों में दो सगे भाई शामिल हैं। आरोपित सुदीप, ध्रुव, प्रदीप और विनय यूपी के मैनपुरी जिला के गांव गढिया चिंकोरा के रहने वाले हैं और गुरुग्राम में किराये का कमरा लेकर रहते हैं। आरोपियों के पास से पुलिस ने वारदात में उपयोग किया गया देसी तमंचा और बाइक बरामद कर ली है। इन आरोपियों ने लूट के लिए अपने एक दोस्त की बाइक उधार ली थी।
आरोपितों की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए क्राइम ब्रांच के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप ने बताया कि, चारों आरोपित मैनपुरी जिला के रहने वाले हैं। इन आरोपियों ने बीते 9 नवंबर को गलेरिया मार्केट के पास महेंद्र सिंह नामक व्यक्ति को उस समय गोली मार दी थी, जब वह कंपनी का रोजाना का कैश कलेक्शन कर वापस लौट रहा था। उस समय महेंद्र के पास करीब 4.29 लाख रुपये थे। एक मोटरसाइकिल से आए तीन युवकों ने पहले महेंद्र से बैग छीनने का प्रयास किया, लेकिन जब वे इसमें सफल नहीं हो पाए तो गोली मार दी। गोली की आवाज सुन वहां पर स्थानीय लोग जमा हो गए और बदमाशों को दौड़ा दिया। हालांकि सभी बदमाश वहां से भागने में सफल रहे थे।
