Gurugram News: गुरुग्राम में बुधवार को द्वारका एक्सप्रेसवे के किनारे सीही गांव में प्रस्तावित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) के लिए जमीन का निरीक्षण किया गया। गुरुग्राम के उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने रोडवेज विभाग के जीएम प्रदीप अहलावत और हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं बुनियादी ढ़ाचा विकास निगम के जीएम अरुण गर्ग के साथ जमीन का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने अधिकारियों से इस योजना के बारे में जानकारी भी ली। उन्होंने अधिकारियों को इस स्थान का विस्तृत नक्शा तैयार करने को कहा। साथ ही इस नक्शे को शुक्रवार तक उनके कार्यालय में पेश करने के भी निर्देश दिए।
दिल्ली की तर्ज पर गुरुग्राम में बनेगा ISBT
दिल्ली की तर्ज पर गुरुग्राम के सेक्टर-36 ए में दिल्ली-जयपुर हाईवे के पास आईएसबीटी बनेगा। जिसे 15 एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा। उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि शहर के बीच बने पुराने बस टर्मिनल में जगह की कमी है, साथ ही यहां बसों की आवाजाही के कारण अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी रहती है। उन्होंने कहा कि जिले में आबादी बढ़ने के साथ ही एक बड़े और अत्याधुनिक आईएसबीटी की सख्त जरूरत है।
परिवहन विभाग को ट्रांसफर होगी 15 एकड़ जमीन
उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड(एचएसआईडीसी) के पास सेक्टर 36ए में 148 एकड़ भूमि का हिस्सा सार्वजनिक उपयोगिता के लिए है। जिसमें से नए आईएसबीटी के लिए 15 एकड़ जमीन पीपीपी मॉडल के तहत परिवहन विभाग को ट्रांसफर की जानी है।
नक्शा तैयार कर कार्यालय भिजवाने का निर्देश
गुरुग्राम उपायुक्त ने मानेसर के तहसीलदार से कहा कि वे दिल्ली-जयपुर हाईवे के दोनों तरफ और इलान मॉल के पास नए आईएसबीटी को बनाने के लिए 15-15 एकड़ जमीन को चिन्हित करें और उसका नक्शा तैयार करके शुक्रवार तक उनके कार्यालय में भिजवाएं। राज्य सरकार के पास उपरोक्त नक्शे के आधार पर दोनों विकल्प भेजे जाएंगे। जिसमें से एक विकल्प पर सरकार द्वारा मंजूरी मिलेगी। जिसके बाद इस परियोजना के विकास की प्रगति सनुश्चित की जाएगी।
