इन दिनों देश के कई अन्य इलाकों के साथ ही दिल्ली-एनसीआर में भी मानसूनी बादल मेहरबान हैं। गुरुग्राम में भी जमकर बारिश हो रही है। बारिश के कारण गुरुग्राम के कई इलाकों में जल जमाव की समस्या हो रही है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि वह इलाका भी बारिश के पानी में जलमग्न है, जहां अभी कुछ ही समय पहले एक फ्लैट 100 करोड़ रुपये में बिका था। चलिए जानते हैं -
गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स रोड पर मौजूद DLF के कैमेलियाज (Camellias by DLF) अपार्टमेंट में एक फ्लैट की डील हुई। रिसेल में यह फ्लैट 100 करोड़ रुपये से ज्यादा में बिका। यह बात अक्टूबर 2023 की है, जब 11 हजार स्क्वायर फुट के इस फ्लैट की कीमत ने सभी को चौंका दिया था। इस डील के बाद इसकी तुलना दिल्ली के पॉश इलाकों से होने लगी थी और यह देश के सबसे महंगे इलाकों में शुमार हो गया था। आज फिर से चौंकाने वाली खबर यह है कि जहां पर इतनी महंगी प्रॉपर्टी है, वह इलाका भी बारिश के पानी से लबालब भरा हुआ है। यहां रातभर हुई बारिश के बाद कमर तक पानी भा हुआ है।
साल 2014 में कैमेलियाज प्रोजेक्ट को जब लॉन्च किया गया था तो उस समय पर ज्यादातर लोगों ने यहां कम के कम 18 करोड़ में फ्लैट खरीदा था। बाद में फ्लैट खरीदने वाले लोगों ने यहां 40 करोड़ रुपये में भी फ्लैट खरीदे। इसके अलावा लोगों ने यहां पर फ्लैटों के इंटीरियर में भी 5-5 करोड़ रुपये तक खर्च किए हैं। 100 करोड़ से ज्यादा में रिसेल में बिके फ्लैट की कहानी तो आप जानते ही हैं।
यहां के प्रॉपर्टी डीलर और ब्रोकरों के अनुसार गुरुग्राम में कैमेलियाज के आसपास, जो फ्लैट गोल्फ कोर्स फेसिंग नहीं हैं, उनकी कीमत भी 15 करोड़ रुपये से ऊपर है। इतना ज्यादा पैसा खर्च करके जिन लोगों ने आधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यहां फ्लैट खरीदे, आज वह जल-जमाव से परेशान हैं। इसकी जो तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही हैं, उन्हें देखते हुए कहा जा सकता है कि गोल्फ कोर्स इलाका जलमग्न है। इतने महंगे इलाके का भी वह हाल है, जैसा NCR के बहुत सस्ते इलाकों का है, जहां पर 100 करोड़ में 200 फ्लैट आ जाते हैं।
गुडगांव के जिला प्रशासन के अनुसार गुरुग्राम में सोमवार सुबह 8.30 बजे तक 53MM बारिश हुई है, जबकि कुछ इलाकों में 80 MM तक बारिश दर्ज की गई है। बता दें कि जो हाल आज गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड का है। ऐसा ही हाल 2022 में बेंगलुरू में भी हुआ था, जब वहां मूसलाधार बारिश हुई थी।
उस समय बेंगलुरू की एक गेटेड कम्युनिटी एपसिलोन (Epsilon) में रहने वाले अरबपति विप्रो चेयरमेन आर. प्रेमजी, ब्रिटानिया सीईओ वरुण बेरी और बिग बास्केट को-फाउंडर अभिनय चौरी को नाव पर रेस्क्यू करना पड़ा था। बता दें कि एपसिलोन में एक विला की बेसिक कीमत 10 करोड़ रुपये के आसपास है। प्लॉट के साइज के अनुसार यह कीमत और ऊपर भी जा सकती है।
