शहर

Gurugram Bomb Threat: गुरुग्राम में कई स्कूलों को मिली बम की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

गुरुग्राम के लगभग एक दर्जन स्कूलों में मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल आए। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर सभी स्कूल परिसरों की गहन जांच की। लेकिन जांच के दौरान कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

Gurugram School Bomb Threat: गुरुग्राम में मंगलवार सुबह कई स्कूलों में बम से उड़ाने की धमकी मिली। इन स्कूलों को ई-मेल के जरिए बिल्डिंग में बम लगाए जाने की चेतावनी दी गई। इस घटना से प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस, बम डिस्पोजल और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद सभी स्कूलों की तलाशी शुरू की गई। हालांकि अभी तक किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है।

स्कूल स्टाफ और बच्चों को वापस घर भेजा

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सुबह स्कूल खुलने के समय करीब एक दर्जन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल मिले। जिसके बाद एहतियातन सभी स्कूलों को खाली कराया गया। स्कूल प्रशासन ने सभी स्टाफ और बच्चों को घर वापस भेज दिया है। जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने गहन जांच शुरू की। डॉग स्क्वॉड की मदद से सभी क्लासरूम को चेक किया गया। लेकिन कुछ भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

इन स्कूलों को मिली बम की धमकी

जिन स्कूलों को धमकी भरा ई-मेल मिला उनमें सेक्टर 46 स्थित एमिटी स्कूल, प्रज्ञानम, डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर 14, सलवान पब्लिक स्कूल, द श्रीराम मिलेनियम स्कूल, कुंशका पब्लिक स्कूल, लॉन्सर्स पब्लिक स्कूल, हेरिटेज एक्पेरिमेंटल स्कूल, शिव नादर और श्रीराम अरावली स्कूल समेत लगभग एक दर्जन स्कूल शामिल हैं। फिलहाल स्थिति सामान्य है और मामले की आगे जांच जारी है।

गुरुग्राम में डेढ़ महीने में 3 बार मिली धमकी

गौरतलब है कि पिछले डेढ़ महीने में गुरुग्राम में तीन बार स्कूलों को बम की धमकी मिल चुकी है। इसके अलावा दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ के कई स्कूलों में भी पिछले कुछ महीनों में धमकी भरे मेल आ चुके हैं। जिसके बाद सभी स्कूलों को खाली कराने के बाद उनकी गहनता से जांच की गई। हालांकि अभी तक हुई जांच में बम की सभी धमकियां झूठी साबित हुई हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article