शहर

कुरुक्षेत्र में गोलीबारी से मचा हड़कंप, एसयूवी में आए हमलावरों ने दो युवकों को निशाना बनाकर की धुआंधार फायरिंग

हरियाणा के कुरुक्षेत्र के गांधीनगर क्षेत्र में रविवार को गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई। अज्ञात हमलावरों ने दो युवकों को निशाना बनाकर हमला किया और मौके से फरार हो गए। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत और अफरातफरी का माहौल फैल गया।

Image

कुरुक्षेत्र में फायरिंग से सनसनी (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

Kurukshetra News: हरियाणा की गीताभूमि कुरुक्षेत्र के गांधीनगर क्षेत्र में रविवार को अज्ञात हमलावरों की गोलीबारी में दो व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि, हमलावर एक एसयूवी में आए थे और गोलीबारी के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि फरार होने के दौरान हमलावरों की गाड़ी एक नाले में गिर गई, जिसके कारण उन्हें वाहन छोड़कर भागना पड़ा। इस पूरी वारदात के बाद हड़कंप मच गया।

गांधीनगर के निवासी हैं घायल

पुलिस के अनुसार घायलों की पहचान गांधीनगर निवासी 20 वर्षीय अमन और 20 वर्षीय प्रिंस के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने बताया कि दोनों घायलों को पहले कुरुक्षेत्र के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, बाद में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

एसयूवी कार को भी किया जब्त

पुलिस के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से पांच खोखे बरामद किए। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई कथित एसयूवी कार को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सुनील कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि यह हमला किसी पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है।

बेकाबू होकर नाले में गिरी कार

पुलिस अधिकारी ने कहा कि गोलीबारी के बाद कुछ स्थानीय निवासी और घायलों के परिचित हमलावरों का पीछा किया, उसी दौरान एसयूवी कार अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई, जिससे उसमें सवार लोगों को वाहन छोड़कर भागना पड़ा। पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सुनील कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने एक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article