शहर

गुजरात में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल; 72 IAS अधिकारियों का तबादला, जानें किसे मिली कहां की जिम्मेदारी

गुजरात सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 72 IAS अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इस व्यापक बदलाव के तहत कई जिलों के कलेक्टरों, नगर आयुक्तों और विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

Image

गुजरात प्रशासन में बड़ा उलटफेर (प्रतीकात्मक फोटो)

Gujarat IAS Transfer: गुजरात से एक बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने बुधवार 72 IAS अधिकारियों के बड़े तबादलों का आदेश जारी किया है। बताया जा रहा है कि राज्यभर में कुल 72 IAS अधिकारियों की ट्रांसफर और नई नियुक्तियां की गई हैं। ऐसे में इस फेरबदल में कई जिलों के कलेक्टर, म्युनिसिपल कमिश्नर और विभिन्न सरकारी निगमों के वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रशासनिक स्तर पर इसे बड़े री-शफल के तौर पर देखा जा रहा है।

नई महानगरपालिकाओं में म्युनिसिपल कमिश्नरों की बदली

करीब डेढ़ साल पहले गठित नई महानगरपालिकाओं में भी म्युनिसिपल कमिश्नरों की बदली की गई है। नए कमिश्नरों के कार्यभार संभालने के बाद पहली बार मेयर समेत अन्य पदाधिकारियों की नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। माना जा रहा है कि अगले दो दिनों में नए अधिकारी चार्ज संभाल लेंगे, जिसके बाद नई निर्वाचित विंग की घोषणा की जाएगी।

गांधीनगर विकास आयुक्त के रूप में तबादला

जारी आदेश के मुताबिक जामनगर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के कमिश्नर डी.एन. मोदी का तबादला गांधीनगर विकास आयुक्त के रूप में किया गया है। अहमदाबाद कलेक्टर सुजीत कुमार को स्टेट टैक्स विभाग में स्पेशल कमिश्नर नियुक्त किया गया है। सूरत कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी को सिविल सप्लाई विभाग का डायरेक्टर बनाया गया है। वहीं भरूच कलेक्टर गौरांग मकवाणा को गुजरात एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (GEDA) का डायरेक्टर नियुक्त किया गया है।

कौन बना GSTDREIS का एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर?

इसके अलावा नर्मदा-राजपीपला के कलेक्टर संजय मोदी को ट्रांसफर कर गुजरात स्टेट ट्राइबल डेवलपमेंट रेसिडेंशियल एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन सोसायटी (GSTDREIS) का एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बनाया गया है। मोरबी कलेक्टर किरण झवेरी को नडियाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन का कमिश्नर नियुक्त किया गया है।

बीरेन वैष्णव को गुजरात के लोकायुक्त पद की शपथ दिलाई गई

वहीं गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति बीरेन वैष्णव को गुजरात के लोकायुक्त पद की शपथ दिलाई। गांधीनगर स्थित लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्य सचिव एम.के. दास और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य अतिथियों ने नवनियुक्त लोकायुक्त न्यायमूर्ति बिरेन वैष्णव को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, न्यायमूर्ति बिरेन वैष्णव का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से अगले पांच वर्षों तक रहेगा।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानिया author

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम... और देखें

End of Article