शहर

Greater Noida: चोरों ने मंदिर में चोरी कर भगवान से मांगी माफी! CCTV वीडियो देख पुलिस भी हैरान

ग्रेटर नोएडा में दादरी कस्बे के जारचा रोड स्थित सिद्धपीठ महाकालेश्वर मंदिर के खाटू श्याम मंदिर में शनिवार को दो चोरों ने महज 7 मिनट में चोरी को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर से छोटी ज्योत, घंटियां और एक बड़ा घंटा चुरा लिया। मंदिर से बाहर जाते समय चोरों द्वारा हाथ जोड़ने की यह अजीब हरकत चर्चा का विषय बन गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Image

मंदिर में चोरी की घटना सीसीटीवी में हुई कैद

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में चोरी की अनोखी घटना सामने आई है। जहां चोरों ने एक मंदिर से चोरी की और भगवान के सामने हाथ जोड़कर फरार हो गए। यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई। इस वारदात ने श्रद्धालुओं के साथ-साथ पुलिस को भी हैरानी में डाल दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ शियात दर्ज की है और उनकी तलाश में जुट गई है।

महाकालेश्वर मंदिर परिसर में चोरी की वारदात

यह मामला दादरी थाना क्षेत्र के दादरी कस्बे में जारचा रोड पर स्थित सिद्धपीठ महाकालेश्वर मंदिर परिसर का है। जहां बने खाटू श्याम मंदिर में चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम दिया। मंदिर समिति के अनुसार 24 जनवरी को दोपहर करीब 1:18 बजे दो चोरों ने मंदिर में प्रवेश किया। जिनमें से एक चोर ने हेलमेट और हाथों में दस्ताने पहने हुए थे, वहीं दूसरे के कंधे पर बैग टंगा हुआ था।

7 मिनट में चोरी कर हुए फरार

मंदिर में प्रवेश के बाद चोरों ने पहले आसपास देखा और छोटी ज्योत और घंटियों को अपने बैग में रख लिया। इसके बाद दोनों मंदिर में लगे बड़े घंटे को काफी देर तक देखते रहे। बाद में उन्होंने बैग से प्लास निकालकर घंटे से बंधी लोहे की चेन को काट दिया और बड़े घंटे को भी अपने बैग में डाल दिया। इस पूरी चोरी की वारदात को आरोपियों ने करीब 7 मिनट में अंजाम दिया।

मंदिर से बाहर जाने से पहले भगवान के सामने जोड़े हाथ

इस घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि चोरों ने मंदिर से बाहर जाने से पहले भगवान के सामने हाथ जोड़कर प्रणाम किया। करीब 1 बजकर 25 मिनट पर वे मंदिर से फरार हो गए। चोरी की जानकारी मिलते ही मंदिर समिति ने दादरी थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जिसके आधार पर चोरों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article