Greater Noida Encounter: ग्रेटर नोएडा के बीटा-दो थाने की पुलिस ने एक शातिर बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। वहीं दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ खिलाफ लूट और हत्या के प्रयास जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
अपर पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) सुधीर कुमार ने बताया कि बीटा-दो थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ रविवार देर रात गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कुछ बदमाश लूटपाट के इरादे से मोटरसाइकिल पर सवार होकर इलाके में घूम रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की चेकिंग जांच शुरू की।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि देर रात सेक्टर गामा-दो के गेट नंबर तीन के पास पुलिस को बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर ही गोलीबारी शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया। जिसकी पहचान सोनू श्रीवास्तव के तौर पर हुई। उसके पैर में गोली लगी है, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ पहले से 14 केस दर्ज
पुलिस के अनुसार सोनू का साथी मोनू मुठभेड़ के दौरान मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक देसी तमंचा, कारतूस, लूटी गई सोने की चेन और अपराध में इस्तेमाल चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, सोनू के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास और चोरी सहित विभिन्न धाराओं में 14 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
