शहर

Greater Noida News: PNB में बड़ा Scam, बैंक खातों से करोड़ रुपये गायब, मैनेजर सहित 5 कर्मचारी सस्पेंड

ग्रेटर नोएडा में एक PNB ब्रांच में बड़ा स्कैम सामने आया है। यहां के पाई-1 की ब्रांच में खातों से करोड़ों रुपये गायब होने का आरोप है। इस संबंध में 16 शिकायतें मिली हैं और ब्रांच मैनेजर सहित पांच कर्मचारी निलंबित कर दिए गए हैं।

Image

ग्रेटर नोएडा के पीएनबी में बड़ा स्कैम, लोगों के खातों से करोड़ों रुपये गायब!

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की ब्रांच में खाताधारकों की करोड़ों रुपये की रकम कथित तौर पर गायब होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कई खाताधारकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) समय से पहले तोड़कर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी गई। कुछ लोगों ने खातों में लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक की गड़बड़ी की शिकायत की है। मामले में अब तक 16 लोग पुलिस से शिकायत कर चुके हैं। बैंक मैनेजमेंट ने ब्रांच मैनेजर समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। पुलिस और बैंक की एंटी करप्शन टीम मामले की जांच कर रही है।

मामला सामने आने के बाद बैंक के वरिष्ठ अधिकारी ब्रांच पहुंचे और खाताधारकों को उनकी शिकायतों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। ब्रांच में नए कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं हुआ है कि कुल कितनी रकम प्रभावित हुई है और कथित तौर पर पैसे किन खातों में ट्रांसफर किए गए।

खाते में 94 लाख रुपये थे, बचे सिर्फ 16 हजार

ग्रेटर नोएडा के बिरोंडी गांव निवासी गौतम के मुताबिक, उनके पिता का खाता सेक्टर पाई-1 स्थित PNB ब्रांच में है। परिवार को 50 हजार रुपये की जरूरत थी। चेकबुक नहीं होने के कारण गौतम बैंक में निर्धारित प्रक्रिया के तहत पैसे निकालने पहुंचे और फॉर्म भरकर दिया।

गौतम का आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने खाते में पर्याप्त रकम नहीं होने की बात कही। इसके बाद जानकारी लेने पर पता चला कि खाते में लगभग 94 लाख रुपये के बजाय सिर्फ 16 हजार रुपये बचे हैं। परिवार ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की है। गौतम के अनुसार, बैंक अधिकारियों ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

1.29 करोड़ रुपये गायब होने का आरोप

एक अन्य खाताधारक ने बताया कि उनकी मां के खाते में जेवर एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण के मुआवजे के तौर पर करीब 1 करोड़, 29 लाख रुपये आए थे। परिवार ने जरूरत के मुताबिक 10 से 12 लाख रुपये निकाले थे। उनके मुताबिक, खाते में करीब 1 करोड़, 18 लाख रुपये बचे होने चाहिए थे, लेकिन जांच करने पर खाते में कोई रकम नहीं मिली।

खाताधारक का कहना है कि बैंक की तरफ से 10 से 15 दिन में रकम वापस आने का आश्वासन दिया गया है। परिवार पुलिस में शिकायत देने की तैयारी कर रहा है।

पुलिस और बैंक की जांच जारी

नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के प्रवक्ता के मुताबिक, मामला बीटा-2 थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित बैंक ब्रांच का है। शिकायतों के समाधान के लिए बैंक मैनेजमेंट ने खाताधारकों को आश्वासन दिया है। ब्रांच मैनेजर सहित कई कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।

पुलिस ने मामले की जांच और जरूरी कानूनी कार्रवाई के लिए एसीपी ग्रेटर नोएडा को निर्देशित किया है। अब तक 16 लोगों की शिकायतें मिलने की बात कही गई है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि खातों से रकम कैसे निकाली गई या ट्रांसफर हुई और कथित गड़बड़ी में किन लोगों की भूमिका थी।

फिलहाल खाताधारक अपनी जमा पूंजी को लेकर चिंतित हैं। मामले में बैंक की विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया, प्रभावित खातों की कुल संख्या और रकम का पूरा ब्योरा सामने आना बाकी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article