Greater Noida News: यमुना सिटी में रोजगार को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। यूपी ग्लोबल इनवेस्टर समिट में एक निजी फोरम की ओर से 4 हजार करोड़ रुपये के निवेश पर एमओयू किए गए हैं। बुधवार को निजी फोरम के अध्यक्ष डॉ.मोहन कौल ने यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ.अरुणवीर सिंह से मुलाकात की। उन्होंने बताया है कि, दो चरणों में 16 कंपनियां यमुना सिटी आएंगी। पहले चरण में 6 कंपनियां आने वाली हैं।
बता दें कि, निजी फोरम की अगुवाई में यूके की 16 कंपनियां यमुना सिटी में इलेक्ट्रानिक्स उत्पाद बनाएंगी। फोरम के पदाधिकारियों ने बुधवार को यमुना प्राधिकरण के सीईओ के साथ मीटिंग की। फोरम ने प्राधिकरण से 130 हेक्टेयर जमीन देने की मांग की है। अगले छह महीने में भूखंड का आवंटन कर दिया जाएगा। इससे करीब 20 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिल सकेगा। यमुना सिटी में जापानी औद्योगिक सिटी विकसित करने का प्लान है। इसको लेकर बुधवार को दिल्ली में जापानी दूतावास में भी एक बैठक हुई।
