UP: उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) योजना के तहत श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। बयान के मुताबिक, ईएसआई योजना के तहत वर्तमान में श्रमिकों को प्राथमिक और द्वितीयक चिकित्सा देखभाल, सुपर स्पेशियलिटी उपचार और आकस्मिक सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। जारी बयान के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में नए अस्पतालों का निर्माण किया जाएगा, तो वहीं दो जिलों में ईएसआई निगम के मेडिकल कॉलेज का निर्माण करवाया जाएगा।
इन जिलों में बनेंगे नए अस्पताल
यूपी सरकार द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने मेरठ, शाहजहांपुर, बरेली, गोरखपुर और ग्रेटर नोएडा में नए अस्पतालों के निर्माण के साथ-साथ ग्रेटर नोएडा और वाराणसी में ईएसआई निगम मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का महत्वपूर्ण फैसला किया है।
टीबी की होगी मुफ्त जांच और उपचार
इसके तहत इंश्योर्ड कर्मचारियों और उनके परिजनों को राजकीय मेडिकल कॉलेजों या जिला अस्पतालों में रेफर कर उपचार सुनिश्चित किया जाता है, साथ ही उपचार पर होने वाले स्वयं के खर्च की प्रतिपूर्ति (Reimbursement) भी की जाती है। बयान में कहा गया है कि प्रदेश में ईएसआई निगम के 109 अनुबंधित निजी चिकित्सालयों में नकद रहित यानी कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा, रोग रोकथाम और स्वास्थ्य संवर्धन के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे है। समें कहा गया है कि ‘डाट्स सेंटर’ के माध्यम से तपेदिक (टीबी) की निःशुल्क जांच और उपचार प्रदान किया जा रहा है। चिकित्सा अवकाश प्रमाणीकरण की सुविधा भी इस योजना का हिस्सा है।
गोरखपुर-ग्रेटर नोएडा में अस्पताल के लिए भूमि उपलब्ध कराने का फैसला
प्रदेश के श्रमिक वर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले इसलिए सरकार की भावी योजनाओं में स्वास्थ्य ढांचे का विस्तार और आधुनिकीकरण प्राथमिकता पर है।
बयान में कहा गया है कि मेरठ, शाहजहांपुर और बरेली में नए अस्पतालों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जबकि गोरखपुर और ग्रेटर नोएडा में नए अस्पतालों के लिए गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण को भूमि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। बयान के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा और वाराणसी में ईएसआई निगम मेडिकल कॉलेज की स्थापना करने का भी निर्णय लिया है। इससे न केवल चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि श्रमिकों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।
12 नई डिस्पेंसरी स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू
बयान में कहा गया है कि 12 नए औषधालयों (New Dispensaries) की स्थापना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के तहत 237.50 लाख रुपये और 2025-26 के लिए 80.90 लाख रुपये के उपकरणों की स्वीकृति ईएसआई निगम से प्राप्त हो चुकी है, जिससे अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध होंगे। इसमें कहा गया है कि निदेशालय में एक अप्रैल से ई-कार्यालय ‘गो-लाइव’ शुरू हो चुका है, जो प्रशासनिक प्रक्रियाओं को डिजिटल और पारदर्शी बनाएगा।
(इनपुट - भाषा)
