शहर

Ganga Expressway से जुड़ेगा ग्रेटर नोएडा, 37 किमी का लिंक रोड देगा कनेक्टिविटी

ग्रेटर नोएडा को Ganga Expressway से जोड़ने के लिए 37 किमी लंबे 8-लेन कॉरिडोर को मंजूरी मिल गई है। इससे जेवर एयरपोर्ट, व्यापार और पश्चिमी-पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।

Image

गंगा एक्सप्रेसवे से लिंक रोड के जरिए जुड़ेगा ग्रेटर नोएडा

Ganga Expressway: हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया है। इसी के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी यूपी के बीच कनेक्टिविटी और भी बेहतर हो गई। मेरठ से प्रयागराज की दूरी जो पहले 12-13 घंटे में तय होती थी उसी दूरी को अब गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए सिर्फ 6 घंटे में तय किया जा सकता है। गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक कुल 12 जिलों को जोड़ता है और इसके बन जाने से अब उन जिलों में आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेंगे। उद्घाटन के दौरान ही पीएम मोदी ने गंगा एक्सप्रेसवे को उत्तराखंड में हरिद्वार तक ले जाने की भी बात कही थी। इतना महत्वपूर्ण एक्सप्रेसवे ग्रेटर नोएडा और जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कनेक्ट नहीं होता है। लेकिन ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने गंगा एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी की योजना तैयार कर ली है। चलिए जानते हैं -

UPEIDA के सीईओ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश के अवस्थी ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट किया है। अपने इस पोस्ट में उन्होंने बताया कि ग्रेटर नोएडा इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (GNIDA) ने ग्रेटर नोएडा क्षेत्र को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 37 किमी लंबे रोड एक्सटेंशन को मंजूरी दे दी है।

8 लेन और 37 किमी लंबा कॉरिडोर

यूपीडा के सीईओ ने आगे अपने पोस्ट में लिखा कि यह पूरा रोड कॉरिडोर 37 किमी लंबा होगा। इस 8 लेन के कॉरिडोर को सीधे गंगा एक्सप्रेसवे से कनेक्ट करते हुए हापुड़ बाइपास तक बढ़ाया जाएगा। इस परियोजना का कार्य पूरा होने के बाद ग्रेटर नोएडा से गंगा एक्सप्रेसवे तक का सफर सिर्फ 30 से 45 मिनट का रह जाएगा। इसके बन जाने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, व्यापार और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी

दरअसल इस प्रोजेक्ट के तहत सेक्टर अल्फा 2 की 105 मीटर चौड़ी सड़क को ही अपग्रेड और एक्सटेंड कर हापुड़ बायपास तक बनाया जाएगा। यह डायरेक्ट लिंक ग्रेटर नोएडा को 594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ देगा।

इस परियोजना का फायदा ग्रेटर शहर को जाम मुक्त बनाने में भी मिलेगा और औद्योगिक उन्नति के साथ जेवर एयरपोर्ट के पास लॉजिस्टिक ग्रोथ को भी बढ़ावा देगा। उम्मीद है कि भविष्य में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और जेवर एयरपोर्ट को भी इसी तरह आपस में कनेक्ट किया जाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article