Baghpat Triple Murder: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में शनिवार को एक भयावह घटना सामने आई, जिसमें एक इमाम की पत्नी और उनकी दो बेटियों की कथित रूप से धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया है। इमाम इब्राहिम की पत्नी इसराना (30), बड़ी बेटी सोफिया (5) और छोटी बेटी सुमैया (2) का शव उनके घर में खून से लथपथ हालत में पाया गया। यह घटना जिले के दोघट थाना क्षेत्र के गांगनौली गांव में स्थित बड़ी मस्जिद के पास हुई।
घटना के समय इमाम इब्राहिम किसी काम से देवबंद गए हुए थे। शनिवार दोपहर जब बच्चे मस्जिद में पढ़ाई के लिए पहुंचे, तो उन्होंने घर में तीनों के शव देखे और शोर मचाया, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद थाना दोघट पुलिस, पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय, अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार चौहान और क्षेत्राधिकारी विजय कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की बारीकी से जांच की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस दौरान पुलिस द्वारा शव उठाने पर ग्रामीणों ने विरोध जताया, जिससे थोड़ी देर हंगामा हुआ, लेकिन अधिकारियों के समझाने के बाद स्थिति नियंत्रित कर दी गई।
आरोपियों की तलाश के लिए 5 जांच टीमें गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटना के कारणों की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश के लिए पांच जांच टीमें गठित की गई हैं। डीआईजी ने कहा कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है, चाहे यह पारिवारिक विवाद, लूट या किसी अन्य रंजिश से जुड़ा हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही जांच पूरी कर आरोपी पकड़े जाएंगे। पुलिस के अनुसार, इमाम इब्राहिम मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के सुन्ना गांव के निवासी हैं और पिछले चार साल से गांगनौली की बड़ी मस्जिद में तैनात थे। उनकी पत्नी इसराना बच्चों को मस्जिद परिसर में पढ़ाती थीं।
(इनपुट - भाषा)
