गाजियाबाद

गाजियाबाद को टीबी मुक्त करने की तैयारी, सात लाख लोगों की हुई स्क्रीनिंग, 6 हजार में संक्रमण की पुष्टि

गाजियाबाद में जिले के टीबी मुक्त करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए साल की शुरुआत से ही लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। जानकारी के अनुसार विशेष अभियान के शुरू होने के 80 दिनों में सात लाख लोगों की स्क्रीनिंग हुई है।

Image

गाजियाबाद को टीबी मुक्त करने की तैयारी

Photo : iStock

Ghaziabad News: यूपी के गाजियाबाद जिले को टीबी मुक्त जिला बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए टीबी विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। बीते साल के अंत में एक विशेष प्रकार के अभियान की शुरुआत की गई थी। जिसके तहत सात लाख लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। जानकारी के अनुसार, स्क्रीनिंग के दौरान करीब 6 हजार लोगों को टीबी होने की पुष्टि हुई। अब इन लोगों को आवश्यक इलाज उपलब्ध कराना है।

जानकारी के लिए बता दें कि गाजियाबाद को टीबी मुक्त बनाने के लिए 31 दिसंबर 2024 से विशेष अभियान की शुरुआत की गई थी। यह विशेष अभियान 24 मार्च 2025 तक जारी रहने वाला है। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य जिले में टीबी संक्रमण को जड़ से खत्म करना है और हर संक्रमित मरीज को समय पर उचित इलाज उपलब्ध कराना है।

गाजियाबाद में टीबी को जड़ से खत्म करने की तैयारी

बताया गया है कि जिन मरीजों में टीबी की पुष्टि हुई है, उन्हें स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही, निक्षय पोषण योजना के तहत प्रत्येक मरीज को पोषण सहायता के रूप में एक हजार रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं, ताकि उनके पोषण स्तर में सुधार हो और वे जल्द स्वस्थ हो सकें।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. ए. के. यादव ने बताया कि गाजियाबाद को टीबी मुक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में संभावित मरीजों की पहचान की जा रही है और उन्हें तत्काल उपचार दिया जा रहा है। हमारा लक्ष्य जिले में टीबी को पूरी तरह खत्म करना है। उन्होंने कहा कि अब तक 7,29,817 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 2030 तक टीबी मुक्त होने का लक्ष्य रखा है। हालांकि केंद्र सरकार ने 2025 तक देश को टीबी मुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है और उस दिशा में काम कर रही है। हमारा लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा लोगों का इलाज करना है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article