Ghaziabad News: गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र के भोपुरा रोड पर कार पार्किंग के विवाद में दिल्ली पुलिस के रिटायर्ड एएसआई के बेटे की ईंट से कुचल कर हत्या कर दी गई। हत्या की यह वारदात एक होटल के बाहर हुई। मृतक की पहचान जावली के रहने वाले अरुण उर्फ वरुण के तौर पर हुई है। दिल दहला देने वाली इस घटना की जानकारी मिलने के बाद गाजियाबाद पुलिस में हड़कंप मच गया। गाजियाबाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच करने और आरोपियों को पकड़ने के लिए पांच टीमों का गठन किया है, जो लगातार छापे मार कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है, लेकिन सभी आरोपी अभी तक फरार हैं।
बताया जा रहा है कि अरुण अपने दो दोस्तों के साथ भोपुरा रोड स्थित एक होटल पर खाना खाने गए थे। यहां पर कार को पार्क करने को लेकर अरुण का एक अन्य कार सवार दो युवकों के साथ झगड़ा हो गया। जिसके बाद दोनों युवकों ने अरुण पर हमला बोल दिया और ईंट से इतना पीटा कि अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गाजियाबाद एसपी सिटी 2 ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना मंगलवार रात करीब 12 बजे के करीब की है। आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मृतक के दोनों दोस्तों के खिलाफ भी दर्ज हुआ हत्या का मामला
जानकारी अनुसार आरोपी युवकों ने अपनी कार को अरुण की कार से सटाकर खड़ी कर दी थी, जिससे अरुण की कार का दरवाजा नहीं खुल पा रहा था। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ और जब तक अरुण कुछ समझ पाते आरोपियों ने उन पर ईंट से हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक अरुण के बेसुध होने तक उनके चेहरे और सिर पर ईंट से वार करते रहे। हत्या के इस मामले में अरुण के दोस्तों की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। घटना के बाद अरुण को उपचार के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस मामले में मृतक अरुण के पिता की तहरीर पर मृतक के दोनों दोस्तों और कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
