गाजियाबाद

Meerut News: मेरठ पुलिस का बड़ा एक्शन, बच्चियों को हैवानियत का शिकार बनाने वाला वांटेड आरोपी एनकाउंटर में ढेर

Meerut News:यूपी के मेरठ पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 25 हजार के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में मार गिराया है। बता दें कि आरोपी पर मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म के कई आरोप थे। दुष्कर्म के साथ लूट और हत्या के प्रयास में भी वह लंबे समय से वांछित था।

Image

मेरठ पुलिस ने इनामी बदमाश को मुठभेड़ में किया ढेर (फोटो - Canva)

Photo : iStock

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में महिलाओं और मासूम बच्चियों के खिलाफ अपराधों पर लगाम कसने के लिए शुरू किए गए ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के तहत पुलिस ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। थाना सरूरपुर क्षेत्र में सोमवार देर रात एक मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी कुख्यात अपराधी शहजाद उर्फ निक्की को ढेर कर दिया। शहजाद के खिलाफ मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म सहित कई गंभीर अपराधों के मामले दर्ज थे और वह लंबे समय से फरार था।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, सरूरपुर थाना क्षेत्र में एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम इलाके में गश्त कर रही थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहजाद सरूरपुर के एक निर्जन इलाके में छिपा है। इस जानकारी के आधार पर विशेष पुलिस दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र को चारों ओर से घेर लिया। पुलिस को देखते ही शहजाद ने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाई, जिसमें शहजाद के सीने और टांग में गोली लगी। गंभीर रूप से घायल शहजाद को तुरंत मेरठ के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ में कोई भी पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।

मेरठ के पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विपिन ताडा ने बताया, “सोमवार रात नियमित जांच अभियान के दौरान पुलिस ने शहजाद को रोकने की कोशिश की। उसने पुलिस दल पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस को भी आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी। इस दौरान शहजाद बुरी तरह घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।”

मिशन शक्ति के तहत की गई कार्रवाई

उन्होंने कहा कि शहजाद एक कुख्यात अपराधी था, जिसके खिलाफ दुष्कर्म और अन्य जघन्य अपराधों के कई मामले दर्ज थे। वह पहले एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के मामले में पांच साल तक जेल में रहा था। रिहाई के बाद उसने फिर से एक सात साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। ‘मिशन शक्ति 5.0’ के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए कटिबद्ध है। इस अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।

दुष्कर्म और लूट के कई मामलों में था फरार

शहजाद के खिलाफ दुष्कर्म, लूट और हत्या के प्रयास के कुल सात आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। बताया जा रहा है कि शहजाद पर दो पोस्को के मुकदमे थे जिसमें एक 7 साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला था । आरोप है कि रविवार रात 12:47 बजे शहजाद ने रेप पीड़िता के घर बहसूमा जाकर दबाव बनाने के लिए फायरिंग की थी।

जानकारी के अनुसार, शहजाद ने एक 5 साल की बच्ची से भी रेप किया था, जिसमें 5 साल की सजा काटकर वह बाहर आया था। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ स्थल से एक तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद हुए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की तारीफ की है। पुलिस अब शहजाद के अपराधी नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की पड़ताल में जुट गई है, ताकि ऐसे अपराधों को पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article