Meerut Drone Rumors: पिछले कुछ दिनों से मेरठ जिले में ड्रोन से जुड़ी अफवाहों का सिलसिला शुरू हो गया है। लोग इस बात को लेकर आशंकित हैं कि ड्रोन का इस्तेमाल रेकी के लिए किया जा रहा है। इसी बीच मेरठ पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक मेरठ जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सोशल मीडिया पर ड्रोन से संबंधित भ्रामक और फर्जी सूचना पोस्ट करने के मामले में कुल 15 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इस सिलसिले में आठ आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
कुल 15 मामले हुए दर्ज
पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर कुल 28 फर्जी पोस्ट चिन्हित किए, जिनमें इंस्टाग्राम पर 19, फेसबुक पर सात और एक्स पर दो पोस्ट शामिल हैं। पुलिस ने इन मामलों में जिले के अलग-अलग पुलिस थानों में कुल 15 FIR दर्ज की हैं। इनमें थाना परतापुर में दो, परीक्षितगढ़ में तीन, जानी में दो, जबकि भावनपुर, लोहियानगर, मेडिकल, मुण्डाली, सरधना, किठौर, कंकरखेड़ा एवं टीपीनगर थानों में एक-एक मामला दर्ज किया गया है।
हो चुकी हैं आठ गिरफ्तारियां
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी भाषा को बताया कि इन मामलों में अब तक आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि बिना पुलिस की अनुमति के ड्रोन उड़ाना और सोशल मीडिया पर उससे जुड़ी झूठी या भ्रामक जानकारी फैलाना दंडनीय अपराध है।
SSP ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों को लेकर पुलिस सतर्क है और भविष्य में भी इस प्रकार की सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
