गाजियाबाद

Ghaziabad Fire News: लोनी बॉर्डर बेहटा हाजीपुर गांव में एक घर में लगी भीषण आग, 5 लोगों की मौत

Ghaziabad Fire News: यूपी के गाजियाबाद जिले में बेहटा हाजीपुर गांव में एक घर में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।

Image

लोनी बॉर्डर बेहटा हाजीपुर गांव में एक घर में लगी भीषण आग

Photo : ANI

Ghaziabad Fire News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में लोनी बॉर्डर इलाके के बेहटा हाजीपुर गांव में स्थित एक घर में भीषण आग लग गई। घर से आग की लपटें निकलते देख पूरे इलाके में हडकंप मच गया। स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर लगी हुई है। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।

गाजियाबाद अपर पुलिस आयुक्त दिनेश पी ने बताया कि उन्हें देर रात घर में आग लगने की सूचना मिली, जिसमें कई लोगों के फंसे होने की भी जानकारी दी गई। मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। अपर पुलिस आयुक्त दिनेश पी ने बताया कि आग नीचे की मंजिल पर लगी थी। ग्राउंड फ्लोर पर लगी आग तेजी से पहले और दूसरे फ्लोर तक फैल गई। आग फैलने के कारण ऊपर की मंजिल पर लोग फंसे हुए थे। इस घटना में 5 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल है। वहीं घायल एक बच्चे और महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बताया कि मृतकों में 7 साल की बच्ची, 7 महीने का बच्चा, दो महिला और एक पुरुष है। बता दें कि आग लगने की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं है। आग की वजह की जांच की जा रही है।

पुलिस ने की मृतकों की पहचान

पुलिस ने मृतकों की पहचान कर ली है। मृतक में सैफुल रहमान (35), उसकी पत्नी नाजरा (26), उनकी बेटी इकरा (सात), परवीन (28) और मोहम्मद फैज (सात माह) शामिल हैं। आग लगने के कारणों के बारे में कुमार ने चश्मदीदों के हवाले से बताया कि घर के अंदर भारी मात्रा में फोम रखा हुआ था और संदेह है कि शॉर्ट सर्किट से अचानक लगी आग फोम की वजह से पूरे घर में फैल गई, जिससे वहां मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके।

गाजियाबाद में बीते दिनों भी आग लगने के मामले सामने आए थे। भीषण गर्मी के दौरान आग लगने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। कहीं एसी में ब्लास्ट हो रहे हैं तो कहीं शॉर्ट सर्किट आग की वजह बन रही हैं। कहीं एलपीजी सिलेंडर में धमाका हो रहा है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article