शहर

‘ज्ञानेश कुमार को हटाओ, जंतर-मंतर वापस लो’, SIR के खिलाफ दिल्ली में फिर प्रदर्शन, कई लोग हिरासत में

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ राजधानी दिल्ली में आयोजित मार्च में वृंदा करात समेत वामपंथी दलों और छात्र संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान सड़क पर ‘जन संसद’ में लोकतंत्र बचाने की मांग की गई।

Image

SIR के खिलाफ दिल्ली में फिर प्रदर्शन

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ एक बार फिर प्रदर्शनकारी दिल्ली की सड़कों पर हैं। यहां आज पीपुल्स अगेंस्ट SIR द्वारा दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन में वामपंथी दलों, छात्र संगठनों, युवाओं और किसानों ने मार्च निकालकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग के मुख्यालय की ओर मार्च निकाल रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया।

मार्च के दौरान ‘ज्ञानेश कुमार को हटाओ, जंतर-मंतर वापस लो’ जैसे नारे लगाए गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और नाम काटे जाने के मुद्दे पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।

गोल डाकखाने के पास से शुरू हुआ मार्च

यह मार्च ‘पीपुल्स अगेंस्ट SIR’ के दिल्ली समन्वय समिति की ओर से आयोजित किया गया था। मार्च की शुरुआत मध्य दिल्ली में गोल डाकखाना के पास, कालीबाड़ी मार्ग और भाई वीर सिंह मार्ग के चौराहे से हुई। प्रदर्शनकारियों ने वहां से भारतीय निर्वाचन आयोग के मुख्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की।

हालांकि, इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 163 लागू होने के कारण पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। यह प्रतिबंध आदेश चार या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक लगाता है। पुलिस के रोकने के बावजूद कुछ प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।

छात्र संगठनों और वामपंथी दलों का समर्थन

इस प्रदर्शन को क्रांतिकारी युवा संगठन (KYS) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने अपना समर्थन दिया। साथ ही इसमें दिल्ली के अलावा हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भी कार्यकर्ता शामिल हुए। बता दें कि ‘पीपुल्स अगेंस्ट SIR’ की दिल्ली समन्वय समिति ने किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से राष्ट्रीय ध्वज के साथ मार्च में शामिल होने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से किया जाएगा।

आयोजकों की योजना थी कि पुलिस जहां भी मार्च को रोकेगी, वहां ‘जन संसद’ आयोजित की जाएगी। इसके बाद प्रस्ताव पारित किए जाएंगे और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न होगा। SFI ने भी शुक्रवार को मध्य दिल्ली और विभिन्न जिला मुख्यालयों पर एकजुटता प्रदर्शन का आह्वान किया था।

CJP के अभिजीत दिपके और AISA की नेहा बोरा को भी न्योता

प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दिपके और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की प्रमुख नेहा बोरा को भी आमंत्रित किया गया था। हालांकि, दोनों के प्रदर्शन में शामिल होने की पुष्टि नहीं हुई थी। वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए बंगला साहिब गुरुद्वारे के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। दिल्ली पुलिस के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को भी बड़ी संख्या में तैनात किया गया।

मध्य दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन

प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली यातायात पुलिस ने मध्य दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया था। यह व्यवस्था दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक प्रभावी थी। इस दौराम बंगला साहिब गुरुद्वारा, कनॉट प्लेस, संसद मार्ग और जंतर-मंतर के आसपास वाहन चालकों को जाम और देरी का सामना करना पड़ा। वहीं, यातायात पुलिस ने पहले ही लोगों को प्रभावित इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने, अपनी यात्रा की पहले से योजना बनाने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी थी। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने की भी अपील की।

18 राज्यों के 88 शहरों में प्रदर्शन का दावा

पीपुल्स अगेंस्ट SIR ने देशभर में विरोध प्रदर्शनों की जानकारी साझा करने के लिए एक वेबसाइट भी शुरू की है। संगठन के मुताबिक, 18 राज्यों के 88 शहरों में विरोध प्रदर्शन आयोजित करने की योजना है, जिसमें 145 संगठन शामिल हैं।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article