Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में शुक्रवार को मुठभेड़ में एक अपराधी मारा गया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी के घायल होने की खबर सामने आई है। पुलिस के मुताबिक एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस दल ने रेहान (20) और उसके साथी मन्नू को घेर लिया। आरोपियों को पकड़ने की इस मुठभेड़ में रेहान और कांस्टेबल विजय पाल राठी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी और घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि इलाज के दौरान घायल आरोपी की मौत हो गई।
लूटपाट का आरोपी की मुठभेड़ में मौत
अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के आधार पर दिल्ली के गोकुलपुरी थाने की एक पुलिस टीम ने प्रेम नगर कॉलोनी के घर पर छापा मारा। पुलिस उपायुक्त विवेक चंद्र यादव ने बताया कि महिलाओं के गले से चेन खींचने वाले मन्नू और रेहान को पकड़ने के लिए छापेमारी की गई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची तो मन्नू ने उनसे बचने के लिए और वहां से भागने के लिए पुलिस पर गोली चला दी। इस गोलीबारी में कांस्टेबल विजय पाल घायल हो गया। पुलिस उपायुक्त यादव ने आगे बताया कि लोनी बॉर्डर पुलिस (उत्तर प्रदेश) को आरोपियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को डाबर तालाब कॉलोनी में घेरा और मुठभेड़ हुई, जिसमें एक अपराधी घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मन्नू और रेहान का आपराधिक इतिहास हैं और कई मामलों में पुलिस दोनों को ढूंढ रही थी ।
