Ghaziabad: गाजियाबाद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। शहर के सिहानी गेट थाना क्षेत्र में स्थित नेहरू नगर तृतीय में बीते 7 अक्टूबर एक को कारोबारी के घर में पत्नी व बेटी को बंधक बनाकर 24 लाख रुपये की डकैती करने वाले बदमाशों को पुलिस ने दो अलग-अलग मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। इन दोनों मुठभेड़ में पुलिस ने चार बदमाश दबोचे हैं, चारों के पैर में गोली लगी है। इन सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, बदमाशों के 2 साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस इनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस और बदमाशों के बीच यह मुठभेड़ देर रात हुई। गाजियाबाद पुलिस ने बदमाशों की पहचान गौतम बुध नगर के बादलपुर निवासी राजकुमार उर्फ राजू, रुड़की इमली रोड के फिरोज व बदायूं के बिल्सी निवासी सौगंध और मुजफ्फरनगर नई मंडी के अमित भड़ाना और सोनू के रूप में हुई है। पुलिस ने इन बदमाशों के पास से घटना में प्रयुक्त एक बाइक, चार तमंचे व कारतूस बरामद किया है।
सिहानी गेट और कविनगर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़
गाजियाबाद पुलिस ने इस एनकाउंटर की जानकारी देते हुए बताया कि, लूट में शामिल छह बदमाशों के साथ पहली मुठभेड़ सिहानी गेट थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस से आमना-सामना होने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उन्हें दबोचा लिया, हालांकि चार अन्य बदमाश भागने में कामयाब रहे। बदमाशों का पीछा करती पहुंची ने कवि नगर थाना क्षेत्र में एक बार फिर से भाग रहे बदमाशों को घर लिया। यहां पर भी पुलिस की गोली से दो बदमाश घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन दो बदमाश यहां से भी फरार होने में सफल रहे। पुलिस की कई टीमें इन बदमाशों की तलाश कर रही है। वहीं, पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है की पूछताछ के आधार पर लूटे गए माल की बरामदगी की जाएगी और इनके फरार साथियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
