Ghaziabad: गाजियाबाद में 'खुलजी स्प्रे गैंग' की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। यह गैंग बीते एक माह से लगातार शहर में वारदात को अंजाम दे रहा है, लेकिन एनकाउंटर कर बदमाशों को पकड़ने में माहिर हो चुकी गाजियाबाद पुलिस अभी इस गैंग के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। गाजियाबाद पुलिस इस गैंग द्वारा चार दिन पहले की गई एक लूट के मामले की अभी जांच में जुटी थी कि, गैंग ने अब एक और वारदात को अंजाम दे दिया है। इस बार गैंग के सदस्य सूट-बूट पहनकर एक शादी समारोह में पहुंचे और दुल्हन की मां पर खुलजी स्प्रे कर ज्वेलरी और कैस से भरा बैग लेकर गायब हो गए।
इस मामले में वसुंधरा के सेक्टर-6 निवासी मंजुला की तरफ से गाजियाबाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि, उनकी बेटी की वसुंधरा सेक्टर-8 के वसुंधरा फार्मस में शादी थी। उन्होंने बताया कि, वह स्टेज पर जयमाला की तैयारी में लगी हुई थीं। वहां जान-पहचान की काफी महिलाएं भी खड़ी थीं। इसी दौरान वहां पर दो युवक पहुंचे। जिसमें से एक पीले रंग का सूट और दूसरे ने वाइट एंड ब्लैक चेक कलर का सूट पहन रखा था। दोनों ने महिला पर खुजली स्प्रे कर ध्यान भटकाया और फिर उनका बैग लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने बताया कि, उस बैग में शगुन के 80 हजार रुपये नकद, लाखों की जूलरी और क्रेडिट कार्ड था।
