Ghaziabad Ambulance Theft: बिहार में शराब ले जाने के लिए तस्करों ने एक नया पैंतरा अपना लिया। आरोपियों ने शराब तस्करी के लिए एंबुलेंस ही चुरा ली। ये हैरान करने वाला मामला यूपी के गाजियाबाद से सामने आया है। जहां बाप-बेटे ने मिलकर एक एंबुलेंस चोरी की। आरोपी इसे मेरठ ले गए और गाड़ी की नंबर प्लेट बदलने की कोशिश की। लेकिन पुलिस को इसकी खबर लग गई और छापा मारकर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
कब चोरी हुई एंबुलेंस?
एसीपी नंदग्राम पूनम मिश्रा ने बताया कि गाजियाबाद के पटेल नगर थर्ड के उदलनगर के निवासी राजीव चौहान ने 15 जून को पुलिस के पास चोरी की एक शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी एंबुलेंस पंकज टेलर की दुकान के सामने खड़ी थी। जिसे सुबह करीब 4 बजे कुछ लोग चुरा ले गए। इस एंबुलेंस में जीपीएस लगे होने की वजह से पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रैक की। जिसके बाद कंट्रोल रूम ने आसपास के जिलों को भी अलर्ट भेजा। जिसके आधार पर मेरठ पुलिस को लीड मिली और एंबुलेंस की तलाश शुरू हुई।
चोर कहां लेकर गए एंबुलेंस?
पुलिस ने बताया कि चोरी की गई गाड़ी को मोदीनगर होते हुए मेरठ के लोहियानगर लाया गया। आरोपी हापुड़ रोड पर एक गैराज में गाड़ी की नंबर प्लेट बदल रहे थे और बिहार की नंबर प्लेट लगा रहे थे। तभी पुलिस ने छापेमारी कर उन्हें पकड़ लिया। मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि तीनों आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं और मामले की जांच की जा रही है।
